आजसू और राम रहीम सेना समर्थकों के बीच हिंसक झड़प, 06 घायल
धनबाद, धनबाद के लोयाबाद थाना क्षेत्र स्थित बांसजोड़ा में बुधवार को आजसू और राम रहीम सेना समर्थकों के बीच हिंसक झड़प हुई। दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चलने और फायरिंग की भी बात सामने आ रही है। घटना में 06 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जबकि कई बड़े और छोटे वाहनों में तोड़फोड़ की गई।
बताया जा रहा है कि बांसजोड़ा इलाके में चल रहे अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ आजसू नेत्री रजनी देवी ने पुलिस को लिखित शिकायत दी थी। आरोप है कि शिकायत से नाराज लोगों ने आजसू समर्थकों पर हमला बोल दिया।
हमलावरों ने जमकर मारपीट की और 06 से अधिक वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों पर कई राउंड फायरिंग भी की गई। गोली लगने से 60 वर्षीय किसन रवानी घायल हो गए। वहीं आजसू नेता हीरालाल महतो समेत कई अन्य लोग भी घायल हुए।
वहीं, जिन गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई है, उन्ही में से एक गाड़ी में एक पिस्टल भी बरामद हुआ है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।
घायलों को इलाज के लिए धनबाद के एसएनएमएमसीएच अस्पताल लाया गया, जहां घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में आजसू समर्थक भी पहुंच गए। इसी दौरान घायल आजसू नेता हीरालाल महतो अस्पताल से चुपचाप निकलने लगे। आरोप है कि सरायढेला थाना पुलिस उन्हें कस्टडी में लेकर पीसीआर वाहन में बैठाने का प्रयास कर रही थी।
पुलिस की इस कार्रवाई से आजसू समर्थक भड़क गए और अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा शुरू हो गया। समर्थकों ने पुलिस के साथ बहसबाजी की और हाथापाई तक की नौबत आ गई। इस दौरान पुलिस मुर्दाबाद के नारे भी लगाए गए।
हंगामे के बीच घायल आजसू नेता हीरालाल महतो बाइक पर बैठकर मौके से फरार हो गए। उन्हें रोकने के प्रयास में सरायढेला थाना के एक एसआई घायल हो गए। घटना के बाद अन्य समर्थक भी अस्पताल से निकल गए।
फिलहाल पुलिस अस्पताल परिसर के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर सभी की पहचान में जुटी है। हालांकि पूरे मामले पर पुलिस अधिकारी मीडिया के सामने कुछ भी बोलने से बचते नजर आए।














