पश्चिमी सिंहभूम में महिला की गला रेतकर हत्या, डैम से युवक का नग्न शव बरामद
पश्चिमी
सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोकलो थाना क्षेत्र
में दो अलग-अलग हत्या की घटनाओं से इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।
पहली घटना चितपिल गांव की है, जहां एक महिला की हत्या कर शव को रायको नदी
किनारे फेंक दिया गया, जबकि दूसरी घटना में बाघमारा डैम से एक अज्ञात युवक
का नग्न शव बरामद हुआ है। दोनों मामलों में पुलिस गहन जांच में जुटी हुई
है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, चितपिल गांव निवासी सीमा
महतो (22) गुरुवार को घर से झरझरा हाट जाने की बात कहकर निकली थी। देर शाम
तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई पता नहीं
चला। शुक्रवार को ग्रामीणों ने रायको नदी किनारे एक महिला का शव देखा,
जिसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर
जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच में महिला के गर्दन पर गहरे जख्म के
निशान पाए गए हैं, जिससे धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या की आशंका जताई
जा रही है। देर शाम शव को थाना लाया गया, जहां परिजनों ने उसकी पहचान सीमा
महतो के रूप में की। शनिवार को चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल में पोस्टमार्टम
के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतका के पिता विनोद महतो ने
अपनी बेटी की हत्या का आरोप उसके पति रतन मुंडा पर लगाया है। उनका कहना है
कि सीमा हाल ही में अपनी डेढ़ वर्षीय बच्ची के साथ मायके आई थी। घटना वाले
दिन उसकी अपने पति से फोन पर बातचीत हुई थी और उसी के बुलावे पर वह झरझरा
हाट गई थी, जिसके बाद वह लापता हो गई। परिजनों ने आशंका जताई है कि इस
हत्या में अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं और पुलिस से निष्पक्ष जांच व
आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
टोकलो थाना प्रभारी
अंकित कुमार ने बताया कि परिजनों के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया
गया है और हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस कॉल डिटेल, मोबाइल लोकेशन
और संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही मामले
का खुलासा किया जाएगा।
इसी थाना क्षेत्र में दूसरी घटना बाघमारा
डैम से सामने आई, जहां एक अज्ञात युवक का नग्न शव बरामद किया गया। शव पर
कपड़े नहीं होने से हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के
लिए भेज दिया।
पुलिस युवक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। आसपास
के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों से मिलान किया जा रहा है। साथ ही यह
भी जांच की जा रही है कि दोनों घटनाओं के बीच कोई तार तो नहीं जुड़ रहे
हैं।














