सचिन तेंदुलकर ने ब्रिटेन के प्रिंस विलियम और प्रिंसेस केट के साथ खेला गली क्रिकेट
रांची (RANCHI): भारतीय क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर ने सोमवार सुबह ब्रिटेन के प्रिंस ऑफ वेल्स विलियम और प्रिंसेस ऑफ वेल्स केट के साथ मुंबई में गली क्रिकेट खेला। बल्लार्ड एस्टेट में आयोजित इस खास सत्र के दौरान वहां मौजूद स्कूली बच्चों ने तीनों का उत्साह बढ़ाया और क्रिकेट का आनंद लिया।
विलियम और केट ने भी बल्ला थामकर क्रिकेट खेला
सचिन ने सड़क पर बल्ले और गेंद दोनों से अपने कौशल का प्रदर्शन किया। उन्होंने पहले प्रिंस विलियम के खिलाफ बल्लेबाजी की और बाद में प्रिंसेस केट को गेंदबाजी भी की। इस दौरान विलियम और केट ने भी बल्ला थामकर क्रिकेट खेला। वहां मौजूद बच्चों को भी बल्लेबाजी और गेंदबाजी करने का मौका मिला। बच्चों ने अतिथियों के सामने अपना खेल दिखाने की कोशिश की। क्रिकेट सत्र से पहले सचिन ने प्रिंस विलियम और प्रिंसेस केट के साथ कुल्हड़ वाली चाय का आनंद भी लिया। तीनों को पास की एक दुकान से कुल्हड़ में चाय पीते हुए देखा गया।
तीन दिवसीय भारत दौरे पर है शाही दंपती
ब्रिटेन का शाही दंपती तीन दिवसीय भारत दौरे पर है। वे मुंबई में छठे वार्षिक अर्थशॉट पुरस्कार समारोह में शामिल होने पहुंचे हैं। मंगलवार को पुरस्कार समारोह में हिस्सा लेने के बाद दोनों नई दिल्ली जाएंगे। यहां बुधवार को उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात प्रस्तावित है। विलियम और केट की यह दूसरी आधिकारिक भारत यात्रा है। इससे पहले दोनों अप्रैल 2016 में भारत आए थे।
वेस्टइंडीज के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला अंतिम मुकाबला
भारतीय जर्सी में उनका आखिरी मुकाबला वेस्टइंडीज के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में था। इस मैच में उन्होंने 74 रन की शानदार पारी खेलकर अपने यादगार अंतरराष्ट्रीय करियर का समापन किया। सचिन को क्रिकेट इतिहास के महानतम बल्लेबाजों में गिना जाता है।














