ई-कचरे से महत्वपूर्ण धातुएं निकालने की स्वदेशी तकनीक विकसित करेगी नियो सीकरमेटल्स, 10 करोड़ की सहायता मंजूर
रांची (RANCHI): ई-कचरे और लिथियम-आयन बैटरी के कचरे से महत्वपूर्ण धातुएं निकालने की स्वदेशी तकनीक को व्यावसायिक स्तर तक पहुंचाने के लिए प्रौद्योगिकी विकास बोर्ड (टीडीबी) ने हैदराबाद की कंपनी नियो सीकरमेटल्स प्राइवेट लिमिटेड के साथ समझौता किया है। अनुसंधान, विकास एवं नवाचार (आरडीआई) कोष के तहत इस परियोजना के लिए 10 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता मंजूर की गई है। पूरी परियोजना की लागत 20 करोड़ रुपये है।
स्वदेशी तकनीक के विकास और व्यावसायीकरण में मदद करेगा समझौता
केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के अनुसार यह समझौता ई-कचरे और लिथियम-आयन बैटरी के कचरे के पुनर्चक्रण से महत्वपूर्ण धातुएं निकालने की स्वदेशी तकनीक के विकास और व्यावसायीकरण में मदद करेगा। इसके तहत कंपनी को वैकल्पिक रूप से परिवर्तनीय ऋण (ओसीडी) के माध्यम से वित्तीय सहायता दी जाएगी।
कंपनी ने ई-कचरे और लिथियम-आयन बैटरी के कचरे के पुनर्चक्रण के लिए एक एकीकृत और पेटेंट प्राप्त प्रक्रिया विकसित की है। इसके माध्यम से इन कचरों से मूल्यवान धातुओं और बैटरी में इस्तेमाल होने वाली सामग्री को वापस प्राप्त करने का लक्ष्य है। इससे बेकार समझी जाने वाली सामग्री का दोबारा उपयोग किया जा सकेगा।
परियोजना का इद्देश्य
कचरे को मूल्यवान संसाधनों में बदला जाएगा
प्रौद्योगिकी विकास बोर्ड के सचिव राजेश कुमार पाठक ने कहा कि स्वच्छ ऊर्जा और उन्नत प्रौद्योगिकियों की दिशा में भारत की प्रगति के लिए महत्वपूर्ण खनिजों की सुरक्षित और टिकाऊ उपलब्धता जरूरी है। ई-कचरे एवं उपयोग की अवधि पूरी कर चुकी बैटरियों से इन संसाधनों को वापस प्राप्त करने की स्वदेशी क्षमता विकसित करना इस दिशा में महत्वपूर्ण है। आरडीआई कोष के माध्यम से बोर्ड ऐसी तकनीकों को सहायता दे रहा है, जो कचरे को मूल्यवान संसाधनों में बदल सकती हैं।
कंपनी का लक्ष्य
नियो सीकरमेटल्स के अधिकृत प्रतिनिधि ने कहा कि टीडीबी की सहायता से कंपनी अपनी तकनीक को व्यावसायिक इस्तेमाल के स्तर तक ले जा सकेगी। कंपनी का लक्ष्य ई-कचरे और लिथियम-आयन बैटरी के कचरे से महत्वपूर्ण और मूल्यवान सामग्री प्राप्त करने की प्रभावी तथा टिकाऊ प्रक्रिया विकसित करना है।














