रांची: हिंदपीढ़ी में आधा दर्जन से अधिक वाहनों में तोड़फोड़, इलाके में दहशत
रांची:
राजधानी रांची के हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र स्थित निजाम नगर में सोमवार देर
रात अज्ञात असामाजिक तत्वों ने जमकर उत्पात मचाया। बदमाशों ने सड़क किनारे
खड़े आधा दर्जन से अधिक वाहनों को निशाना बनाते हुए उनके शीशे और अन्य
हिस्सों में तोड़फोड़ कर दी। सुबह जब स्थानीय लोगों ने क्षतिग्रस्त वाहन
देखे तो इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही हिंदपीढ़ी
थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने
आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों
के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि तोड़फोड़ करने वाले आरोपियों की
पहचान की जा सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि देर रात
कुछ संदिग्ध युवकों की आवाजाही देखी गई थी। हालांकि, घटना को अंजाम देने
वाले लोगों की संख्या और उनकी पहचान अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। लगातार
हो रही ऐसी घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई
है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि
प्रारंभिक जांच में यह शरारती तत्वों की करतूत प्रतीत हो रही है, लेकिन सभी
पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान होते
ही उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल
पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और घटना से जुड़ी कोई भी
जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करने की अपील की है। मामले की जांच
जारी है।














