डीएम ने फारबिसगंज में विभिन्न कार्यालयों का किया निरीक्षण, दिए कई दिशा निर्देश
अररिया, डीएम विनोद दूहन की ओर से शनिवार को फारबिसगंज प्रखंड स्थित प्रखंड
कार्यालय, अंचल कार्यालय, बाल विकास परियोजना कार्यालय एवं मनरेगा कार्यालय
का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालयों में संचालित
कार्यों की प्रगति, अभिलेखों के संधारण एवं कर्मियों की उपस्थिति आदि की
विस्तृत जानकारी ली।
जिला पदाधिकारी ने सभी कर्मियों को निर्देश
दिया कि वे नियमित रूप से बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज करें और समय पालन का
सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करें। उन्होंने विभिन्न पंजियो के संधारण की
स्थिति का अवलोकन करते हुए रोकड़ पंजी सहित अन्य अभिलेखों को नियमानुसार
अद्यतन रखने पर विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभिलेखों का सही और
अद्यतन संधारण प्रशासनिक कार्यों की पारदर्शिता और जवाबदेही के लिए अत्यंत
आवश्यक है।
निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने कार्यालयों में
पहुंचे आगंतुकों से भी संवाद किया और उनकी समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता
से सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन की
समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों
को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। इस दौरान उन्होंने साफ-सफाई,
कार्य संस्कृति एवं जनसेवा से जुड़े पहलुओं पर भी ध्यान देने की बात कही
और कार्यालयों में बेहतर कार्य वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए।
मौके
पर विशेष कार्य पदाधिकारी सह सहायक निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण, अनुमंडल
पदाधिकारी फारबिसगंज, सहायक कोषागार पदाधिकारी अररिया, प्रखंड विकास
पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं बाल विकास परियोजना पदाधिकारी सहित अन्य
संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।















