बिहार में पछुवा हवा के कारण ठंड का प्रभाव बना रहेगा,28 जनवरी को 25 जिलो में बारिश की संभावना
पटना (PATNA): बिहार में एक बार फिर से मौसम करवट लेने वाली है. बिहार में पछुआ हवाओं के चलते ठंड का प्रभाव बना रहेगा. पटना मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक मंगलवार को प्रदेश का मौसम शुष्क बना रहेगा. इसके बाद राज्य के उत्तर एवं दक्षिण-पश्चिम भाग के एक या दो स्थानों में वर्षा की संभावना है. 28 जनवरी को राज्य के 25 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
बिजली गिरने का अलर्ट जारी
बुधवार 28 जनवरी को पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीवान, सारण, गोपालगंज, सीतामढी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर, समस्तीपुर, सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया, कटिहार, बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद, अरवल में बारिश की संभावना है. इस दौरान तेज हवाएं (30-40 किमी प्रति घंटे) और बिजली गिरने का भी अलर्ट जारी किया गया है. हालांकि प्रदेश के बाकी हिस्सों में मौसम साफ रहेगा.
अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के अनेक स्थानों के न्यूनतम तापमान मे 1-3 सेंटीग्रेड की गिरावट होने की संभावना है, अगले 72 घंटों के दौरान राज्य के अनेक स्थानों के न्यूनतम तापमान में 2-4 सेंटीग्रेड की वृद्धि होने की पूर्वानुमान है. मौसम विज्ञान केंद्र पटना के पूर्वानुमान के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमी गतिविधियों के कारण राज्य के मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है. अगले 24 घंटे के दौरान सुबह और रात के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जिससे दृश्यता कम हो सकती है और सड़क, रेल व हवाई यातायात प्रभावित हो सकता है.















