पटना (PATNA): मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद से ही सीएम सम्राट एक्शन मोड में हैं. इसी के क्रम में गुरुवार सुबह सम्राट सचिवालय पहुंच और सभी विभागों के प्रधान सचिवों के साथ अहम बैठक की. बैठक में प्रशासनिक स्तर पर कई बड़े निर्देश दिए जा सकते हैं. वहीं दूसरी ओर बिहार में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) कोटे के उप मुख्यमंत्री विजय चौधरी ने भी जल संसाधन विभाग का पदभार ग्रहण किया.


विजय चौधरी को सौंपी गई 10 विभाद की जिम्मेदारी
 
सम्राट चौधरी ने बुधवार को बिहार के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी. उनके साथ जदयू के विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव ने भी शपथ ली थी. फिलहाल राज्य में मंत्रिमंडल का विस्तार नहीं हुआ है. मौजूदा व्यवस्था के तहत मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पास गृह समेत 29 विभाग हैं, जबकि विजय चौधरी को 10 और बिजेंद्र यादव को 8 विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई है. कैबिनेट विस्तार के बाद इन विभागों का पुनर्वितरण किया जाएगा. तब तक तीनों नेता ही सभी विभागों का कार्यभार संभालेंगे.

विजय कुमार ने विभागीय कार्यों का लिया जायजा

उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने सिंचाई भवन स्थित जल संसाधन विभाग में पदभार ग्रहण किया एवं विभागीय कार्यों का जायजा लिया. विभागीय प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल एवं अन्य वरीय पदाधिकारियों ने उप मुख्यमंत्री को पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया.