राजकुमार टोप्पो ने पीएमएलए कोर्ट में किया सरेंडर, टेंडर घोटाले से जुड़ा है मामला
रांची (RANCHI): टेंडर कमीशन घोटाले के आरोपित तत्कालीन एग्जीक्यूटिव इंजीनियर (रिटायर्ड) राजकुमार टोप्पो ने गुरुवार को पीएमएलए की अदालत में सरेंडर कर दिया. इसके बाद अदालत ने एक लाख के निजी मुचलके पर उन्हें जमानत दे दी है. राजकुमार टोप्पो को सुनवाई के लिए निर्धारित हर तिथि में अदालत में हाजिर होने के शर्त पर जमानत मिली. साथ ही अदालत ने पासपोर्ट जमा करने और बिना अनुमति देश नहीं छोड़ने की शर्त पर जमानत दी.
मामले में 6 से अधिक आरोपियों ने किया सरेंडर
इससे पूर्व मामले में ईडी ने 14 आरोपितों के खिलाफ कोर्ट में पूरक प्रॉसीक्यूशन कंप्लेंट दाखिल किया था. अदालत ने मामले में संज्ञान लेकर आरोपितों के खिलाफ समन किया था. अब तक 6 से अधिक आरोपियों ने अदालत में सरेंडर कर दिया है.
क्या है मामला
बता दें कि टेंडर कमीशन घोटाला मामले में ईडी की पहली कार्रवाई 2023 में हुई थी. इस दौरान कई इंजीनियर के ठिकानों पर छापेमारी की गई थी. वहीं दूसरी कार्रवाई 6 मई 2024 को हुई थी, जिसमें इंजीनियर ठेकदार और कांट्रेक्टर के ठिकानों पर ईडी ने रेड मारी थी. छापेमारी के दौरान पूर्व मंत्री आलमगीर आलम के आईएसडी रहे संजीव लाल के नौकर के ठिकाने से लगभग 32 करोड़ से अधिक बरामद हुए थे. जबकि ठेकेदार मुन्ना सिंह के ठिकाने से 2.93 करोड़ और कांट्रेक्टर राजीव सिंह के ठिकाने से 2.14 करोड़ जब्त किए गए थे. पैसे की बरामदगी के बाद पूर्व मंत्री आलमगीर आलम ईडी के रडार पर आए थे.














