रांची (RANCHI): सुपौल जिले के निर्मली और वीरपुर अनुमंडल के लिए शनिवार का दिन ऐतिहासिक बन गया, जब नवनिर्मित व्यवहार न्यायालय भवन का विधिवत उद्घाटन किया गया. इस अवसर पर पटना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति संगम कुमार साहू निर्मली पहुंचे. उनके आगमन पर स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस बल द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया. न्यायपालिका के इस महत्वपूर्ण आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखा गया.


न्यायिक प्रक्रिया अधिक प्रभावी एवं त्वरित बनेगी

नवनिर्मित व्यवहार न्यायालय भवन के उद्घाटन के साथ ही निर्मली अनुमंडल के लोगों को न्यायिक सेवाओं की बेहतर और सुलभ सुविधा उपलब्ध हो सकेगी. अब स्थानीय नागरिकों को न्यायिक कार्यों के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों का रुख नहीं करना पड़ेगा. इससे समय, धन और श्रम की बचत होगी और  न्यायिक प्रक्रिया अधिक प्रभावी एवं त्वरित बनेगी.

 मुख्य न्यायाधीश ने न्यायालय परिसर का किया निरीक्षण  

उद्घाटन समारोह में मुख्य न्यायाधीश ने न्यायालय भवन का फीता काटकर एवं शिलापट्ट का अनावरण कर शुभारंभ किया. इसके बाद उन्होंने न्यायालय परिसर का निरीक्षण किया और भवन में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली. उन्होंने कहा कि न्यायपालिका का उद्देश्य आमजन को सुलभ, त्वरित और निष्पक्ष न्याय उपलब्ध कराना है. निर्मली में इस नए न्यायालय भवन के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को न्याय प्राप्त करने में काफी सहूलियत होगी.

आम जनता के विश्वास और न्याय की उम्मीद का केंद्र

मुख्य न्यायाधीश ने अपने संबोधन में कहा कि न्यायालय केवल एक भवन नहीं, बल्कि आम जनता के विश्वास और न्याय की उम्मीद का केंद्र होता है. उन्होंने न्यायिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि न्याय व्यवस्था की मजबूती लोकतंत्र की आधारशिला है.

समारोह में मौजूद गणमान्य 

समारोह में बिहार सरकार के विधि विभाग के अधिकारी, पटना हाईकोर्ट के कई न्यायाधीश, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, डीएम ,एसपी , न्यायिक पदाधिकारी, अधिवक्ता संघ के सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित थे.