नशीला पदार्थ खिलाकर चालक को किया बेहोश, कार लेकर फरार हुए अपराधी
खूंटी, ओडिशा जिले की अंगुल जिले के डेराजंगा, जरापाड़ा से भाड़े
पर कार लेकर निकले दो अपराधी कार चालक को नशीला पदार्थ खिलाकर कार लेकर
चंपत हो गए। खूंटी थाना की पुलिस ने चुकरु मोड़ के पास बेहोश पड़े चालक को
सदर अस्पताल में भर्ती कराया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ओड़िशा
के अंगुल जिले के डेराजंगा, जरापाड़ा से दो व्यक्तियों ने एक ट्रैवल एजेंसी
के माध्यम से अर्टिका कार चालक दुश्मंता साहू की कार बुक की थी। उन्होंने
चालक को बताया था कि उन्हें रांची से करीब 30 किलोमीटर आगे जाना है और वहां
से अपने परिवार के कुछ सदस्यों को लेकर वापस ओड़िशा लौटना है।
चालक
उन्हें लेकर रांची पहुंचा। रिंग रोड स्थित दलादिली चौक के पास एक होटल से
मीट-भात पैक कराया गया और दूसरी दुकान से मिठाइयां खरीदी गईं।
इसके
बाद तीनों चुकरू मोड़ के पास पहुंचे, जहां पेड़ के नीचे बैठकर तीनों लोगों
ने खाना खाया। खाना खाने के बाद जैसे ही चालक दुश्मंता साहू कार में बैठा,
वह अचानक बेहोश हो गया। इसके बाद की घटना उसे याद नहीं है।
आशंका
जताई जा रही है कि अपराधियों ने बेहोशी की हालत में उसकी पिटाई की और उसे
मृत समझकर मौके पर छोड़ दिया तथा उसकी कार लेकर फरार हो गए। स्थानीय लोगों
की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अवस्था में पड़े चालक दुश्मंता
साहू को उठाकर खूंटी सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही झारखंड राज्य ड्राइवर संघ ने इसे
गंभीरता से लिया है। संघ के अध्यक्ष के निर्देश पर चार सदस्यीय टीम खूंटी
पहुंची है, जिसमें आकाश सिंह, अजय सिंह, सुनील प्रजापति और सूरज मुंडा
शामिल हैं। टीम अस्पताल में घायल चालक का हालचाल लेने के साथ पुलिस से भी
संपर्क कर मामले की जानकारी जुटा रही है। खूंटी के पुलिस इंस्पेक्टर अशोक
कुमार सिंह ने रविवार काे घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि घायल कार चालक
की स्थिति खतरे से बाहर है। पूरे मामले की जांच कर रही है।














