कोसी महासेतु के नीचे मिला अज्ञात शव, हत्या की आशंका
सुपौल, जिले के भपटियाही थाना क्षेत्र में रविवार सुबह कोसी
महासेतु के नीचे एक अज्ञात शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव
प्लास्टिक में लिपटा हुआ था। सुबह करीब 10 बजे घास काटने गई स्थानीय
महिलाओं ने पुल के पिलर संख्या 15 और 16 के बीच शव देखा, जिसके बाद आसपास
के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई।
सूचना मिलने पर भपटियाही थाना
पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू
कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ-साथ आसपास के लोगों से
भी पूछताछ की। शव प्लास्टिक में लिपटा होने के कारण आशंका जताई जा रही है
कि हत्या करने के बाद पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को कोसी महासेतु से
नीचे फेंका गया होगा। हालांकि पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि हत्या
किसी अन्य स्थान पर कर शव को यहां फेंका गया है या वारदात इसी इलाके में
हुई है।
भपटियाही थानाध्यक्ष प्रजेश दुबे ने बताया कि मामले की
गंभीरता से जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा, ताकि
मौत के कारणों का पता चल सके। वहीं मृतक की पहचान के लिए आसपास के थानों
में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट भी खंगाली जा रही है।














