सीवान, नगर थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड स्थित फल मंडी के समीप शनिवार की सुबह एक 26 वर्षीय युवक का गोली लगा शव मिलने से शहर में सनसनी फैल गई। मृतक पचरुखी थाना क्षेत्र के इटवा गांव निवासी स्व. जयनारायण साह के पुत्र सुजीत कुमार साह है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अपराधियों ने सुजीत को तीन गोलियां मारकर हत्या कर दी और शव को फल मंडी के पास फेंक दिया।

परिजन के अनुसार शुक्रवार की रात करीब 10 बजे शहर के चिक टोली मोहल्ले के एक युवक ने फोन कर सुजीत को सीवान बुलाया था। रात करीब 12 बजे सुजीत के एक दोस्त ने घरवालों को फोन कर बताया कि वह अपने एक अन्य साथी के साथ सीवान स्टेशन के समीप मौजूद है और करीब एक बजे आने वाली ट्रेन से किसी व्यक्ति से मिलने के बाद घर लौट जाएगा।

मृतक के भाई ने बताया कि देर रात सुजीत ने स्वयं भी फोन कर कहा था कि वह थोड़ी देर में घर पहुंच रहा है और घर आकर खाना खाएगा लेकिन रात तीन बजे तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजन चिंतित हो गए। इसके बाद उसका भाई सीवान पहुंचा और आरपीएफ, जीआरपी तथा नगर थाना में जाकर उसकी तलाश शुरू की। इस दौरान सुजीत का एक दोस्त भी उसके साथ मौजूद था।

शनिवार की सुबह करीब पांच बजे सूचना मिली कि स्टेशन रोड स्थित फल मंडी के समीप एक युवक का शव पड़ा है। मौके पर पहुंचने पर परिजनों ने शव की पहचान सुजीत कुमार साह के रूप में की। शव पर तीन गोली लगने के निशान मिले, जिससे स्पष्ट है कि अपराधियों ने बेहद नजदीक से उसकी हत्या की है।

घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि मृतक करीब डेढ़ माह पहले एक मामले में जेल से छूटकर आया था। पुलिस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, आपराधिक विवाद और अन्य सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। साथ ही मृतक के कॉल डिटेल, अंतिम लोकेशन और उसके साथ मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है।