रैपिड रेल परियोजना में बक्सर को शामिल करने की उठी मांग, मुख्यमंत्री को भेजा गया पत्र
बक्सर, बिहार सरकार द्वारा प्रस्तावित रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम के पटना एयरपोर्ट–आरा कॉरिडोर का विस्तार बक्सर तक किए जाने की मांग तेज हो गई है।
रेल यात्री कल्याण समिति, दानापुर मंडल के महामंत्री शैलेश कुमार ओझा ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा को पत्र भेजकर बक्सर को परियोजना के सर्वे एवं डीपीआर में शामिल करने की मांग की है।
शैलेश कुमार ओझा ने कहा कि पटना–बक्सर रेलखंड बिहार के सबसे व्यस्त रेलमार्गों में शामिल है, जहां प्रतिदिन हजारों छात्र, नौकरीपेशा लोग, व्यापारी और मरीज सफर करते हैं। इसके बावजूद बक्सर को रैपिड रेल परियोजना से बाहर रखना पश्चिमी बिहार के लोगों के साथ उपेक्षा है। उन्होंने इस मुद्दे पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों की चुप्पी पर भी सवाल उठाते हुए बक्सर के हित में एकजुट होकर पहल करने की अपील की।
उन्होंने बताया कि पटना से बक्सर की दूरी लगभग 118 किलोमीटर है, जो प्रस्तावित कई आरआरटीएस कॉरिडोरों के बराबर या उससे कम है। बक्सर पहले से दिल्ली–हावड़ा मुख्य रेलमार्ग, राष्ट्रीय जलमार्ग-1, विश्वामित्र पथ एक्सप्रेसवे तथा गाजीपुर–बक्सर एलिवेटेड रोड जैसी प्रमुख परियोजनाओं से जुड़ा रणनीतिक क्षेत्र है। ऐसे में इसे आरआरटीएस से जोड़ने से पश्चिमी बिहार में व्यापार, शिक्षा, पर्यटन और निवेश को बढ़ावा मिलेगा तथा पटना पर बढ़ते यात्री और आवासीय दबाव में भी कमी आएगी।
समिति ने सरकार से बक्सर को तत्काल आरआरटीएस परियोजना के सर्वे एवं डीपीआर में शामिल करने की मांग की है। शैलेश कुमार ओझा ने बताया कि वे जल्द ही नगर विकास एवं आवास मंत्री से मिलकर इस जनहित के मुद्दे पर सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह करेंगे।














