रिविलगंज सेमरिया विद्युत शवदाह गृह अविलंब चालू हो: विधायक छोटी कुमारी
सारण, बरसात के मौसम में श्मशान घाटों पर जलजमाव के कारण
अंतिम संस्कार में आ रही समस्याओं को देखते हुए छपरा विधायक छोटी कुमारी ने
रिविलगंज प्रखंड स्थित सेमरिया विद्युत शवदाह गृह को अविलंब चालू कराने की
मांग उठाई है। विधायक द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार उन्होंने
बिहार विधानसभा में लोक महत्व के विषय पर निवेदन के माध्यम से सरकार का
ध्यान इस ओर आकृष्ट किया।
विधायक छोटी कुमारी ने बताया कि सेमरिया
में करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित विद्युत शवदाह गृह का निर्माण कार्य
वर्षों पहले पूरा हो चुका है, लेकिन देखरेख और विभागीय उदासीनता के कारण
इसे आज तक चालू नहीं किया गया। सरकार की यह जनहितकारी परियोजना लंबे समय से
निष्प्रयोज्य पड़ी है, जिससे स्थानीय जनता को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा
है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में गंगा तट और श्मशान घाटों पर बारिश व कीचड़
के कारण जलजमाव की स्थिति बनी हुई है।
ऐसे में परिजनों को अपनों
के अंतिम संस्कार के लिए घंटों इंतजार करना पड़ता है, जो बेहद कष्टदायक और
अमानवीय है। यदि यह विद्युत शवदाह गृह संचालित होता, तो लोगों को हर मौसम
में सम्मानजनक और आधुनिक सुविधा मिल पाती।
विधायक ने सरकार से मांग
की है कि आवश्यक संसाधन, निर्बाध बिजली व्यवस्था एवं प्रशिक्षित कर्मियों
की तैनाती कर सेमरिया विद्युत शवदाह गृह को शीघ्र शुरू किया जाए। साथ ही,
वर्षों की देरी के लिए जिम्मेदार अधिकारियों व एजेंसियों पर उच्चस्तरीय
जांच कराकर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि छपरा व रिवीलगंज क्षेत्र के हजारों
परिवारों को राहत मिल सके।















