किशनगंज दीपावली और छठ पर्व के मद्देनजर जिले में सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। बुधवार को जिलाधिकारी नवीन कुमार की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति, परिवहन विभाग एवं राष्ट्रीय राजमार्ग से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने, दुर्घटना संभावित स्थलों में सुधार और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।

डीएम ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के पदाधिकारियों को दीपावली और छठ पर्व से पहले सड़कों की मरम्मत, डिवाइडर की स्थिति दुरुस्त करने तथा पर्याप्त लाइटिंग की व्यवस्था हर हाल में सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने बार-बार दुर्घटनाएं होने वाले स्थलों को चिह्नित कर वहां साइनेज लगाने और आवश्यकतानुसार जेब्रा क्रॉसिंग की व्यवस्था करने पर जोर दिया। साथ ही सड़क सुरक्षा से जुड़ी कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने का निर्देश दिया।

बैठक में यातायात व्यवस्था को लेकर भी सख्त रुख अपनाया गया। डीएम ने यातायात पुलिस पदाधिकारी को टोटो और ई-रिक्शा में ओवरलोडिंग की जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। अवैध पार्किंग पर रोक लगाने तथा यातायात पोस्ट के निर्माण की दिशा में भी आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। वहीं, कार्यपालक अभियंता, ग्रामीण कार्य विभाग (आरडब्ल्यूडी) को बड़े वाहनों के प्रवेश को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक स्थानों पर हाइट बैरियर लगाने का निर्देश दिया गया। डीएम ने सड़क दुर्घटनाओं में मृत व्यक्तियों के आश्रितों को मिलने वाली अनुग्रह अनुदान राशि का भुगतान यथाशीघ्र सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। 

उन्होंने कहा कि दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए ब्लैक स्पॉट की पहचान, यातायात संकेतकों की उपलब्धता और सड़क सुरक्षा नियमों का अनुपालन जरूरी है। हेलमेट, सीट बेल्ट और निर्धारित गति सीमा के प्रति आम लोगों को जागरूक करने पर भी बल दिया गया। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, यातायात पुलिस उपाधीक्षक, सिविल सर्जन, विभिन्न विभागों के कार्यपालक पदाधिकारी एवं आरडब्ल्यूडी, आरसीडी तथा एनएचएआई के अधिकारी उपस्थित थे।