पटना (PATNA): मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित 'संवाद' सभागार में श्रावणी मेला-2026 की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने निर्देश देते हुये कहा कि सभी जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक श्रावणी मेला की तैयारी अच्छे ढंग से करें। इसकी व्यवस्था के संबंध में एक विस्तृत प्रतिवेदन तैयार करें और कांवड़ियों को किसी प्रकार की कठिनाई न हो, यह सुनिश्चित करें।


बिन्दुओं पर कार्य योजना बनाने का निर्देश

मुख्यमंत्री चौधरी ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधाओं और सुरक्षा को लेकर क्या-क्या करने की जरूरत है और श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित कैसे रखा जाए, इन सब बिन्दुओं पर कार्य योजना बनायें। कांवड़ियों को किसी प्रकार की कठिनाई न हो, यह सुनिश्चित करें। पैदल पथ व्यवस्थित और सुविधाजनक बनायें। शौचालय, साफ-सफाई और पेयजल की बेहतर सुविधा रखें। कांवड़िया पथ पर बने प्रमुख विश्राम स्थलों के पास स्वास्थ्य सुविधायें उपलब्ध रखें। 
उन्होंने कहा कि कहीं भी बिजली का नंगा तार न रहे, बिजली की निर्बाध आपूर्ति हो। राज्य के शिवालयों में जल चढ़ाने के दौरान भीड़ को नियंत्रित और व्यवस्थित रखना सुनिश्चित करें। श्रद्धालुओं की सुरक्षा का पूरा ध्यान रखें।

बैठक में मौजूद नेता व मंत्री

बैठक में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उप मुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ दिलीप कुमार जायसवाल, स्वास्थ्य मंत्री निशांत, नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा, आपदा प्रबंधन मंत्री रत्नेश सादा, पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेन्द्र, डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन मंत्री नंद किशोर राम, बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ उदय कांत सहित अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे, जबकि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के जिलाधिकारी, वरीय पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षक जुड़े हुए थे।