कोलकाता हादसे के बाद किशनगंज के दुर्गा पूजा पंडालों में सुरक्षा सख्त
रविवार को एसडीपीओ-1 खुसरू सिराज ने बताया कि दुर्गा पूजा को लेकर सभी पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। अधिक भीड़ जुटने वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल के साथ क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) का गठन किया गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। शहर के रूईधासा, मनोरंजन क्लब, बड़ी कोठी, गांधी घाट और रोलबाग चौक सहित अन्य प्रमुख पूजा पंडालों में सुरक्षा इंतजामों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। संबंधित समितियों को प्रवेश और निकास की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं।
सुरक्षा के मद्देनजर पूजा पंडालों में बिजली के तारों की स्थिति की भी जांच की जा रही है। यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है कि तार सुरक्षित स्थानों पर रहें और श्रद्धालुओं की आवाजाही में बाधा न बनें। पूजा समितियों को भीड़ नियंत्रण और आपात स्थिति में लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए तैयार रहने को कहा गया है। पुलिस प्रशासन का लक्ष्य दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराना है।















