राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने नेमरा पहुंचकर दिवंगत रूपी सोरेन को दी श्रद्धांजलि
पूर्वी सिंहभूम, शहर में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत जमशेदपुर पुलिस ने ओलिडीह ओपी क्षेत्र में छापेमारी कर एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से 2.53 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान राहुल कुमार (24) के रूप में हुई है। पुलिस अब उससे मादक पदार्थ की आपूर्ति करने वाले लोगों और इस कारोबार से जुड़े अन्य पैडलरों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
रविवार को पटमदा के पुलिस उपाधीक्षक दयानंद कुमार ने प्रेस को बताया कि 18 अक्टूबर को वरीय पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि ओलिडीह ओपी क्षेत्र में एक व्यक्ति पिछले कुछ दिनों से अवैध रूप से मादक पदार्थ की बिक्री कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए उसका सत्यापन कराया गया। इसके बाद नगर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन पर उनके नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने स्वर्णरेखा प्रोजेक्ट भवन और वसुंधरा स्टेट मैदान के समीप छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने कथित रूप से मादक पदार्थ की बिक्री में संलिप्त राहुल कुमार को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 2.53 ग्राम ब्राउन शुगर जैसा मादक पदार्थ बरामद हुआ। पुलिस ने मामले में ओलिडीह ओपी में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार राहुल कुमार ओलिडीह ओपी क्षेत्र के शंकोसाई रोड नंबर तीन स्थित गौरी दयाल हाई स्कूल के पास का निवासी है। जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह मादक पदार्थ कहां से लाता था और इस अवैध कारोबार में उसके साथ कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
छापेमारी दल में पटमदा के पुलिस उपाधीक्षक, ओलिडीह ओपी प्रभारी मो. शारिक अली, रविन्द्र पाण्डेय, विवेक पाल, अभिषेक कुमार, सामुएल मुंडु, टेंगी-05 तथा ओलिडीह ओपी के रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे।














