सीवान, ।शहर के राजेंद्र पथ स्थित कल्याण ज्वेलर्स के समीप कयूम मियां मार्केट में सोमवार की रात करीब 7:30 बजे एसी-फ्रिज के पार्ट्स और गैस बेचने वाली एक दुकान में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गयी। आग लगने की सूचना मिलते ही बिजली विभाग ने पूरे शहर की बिजली काट दी. दुकान में रखे गैस सिलेंडरों में लगातार विस्फोट होने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गयी।

विस्फोट की तेज आवाज से दशहरा मेले का आनंद ले रहे लोग भी दहशत में आ गये।

स्थानीय लोगों के अनुसार, आग की चपेट में आकर मार्केट की करीब एक दर्जन दुकानें जलकर राख हो गयीं। हालांकि, नुकसान का आधिकारिक आकलन नहीं हो सका था।

घटना की सूचना मिलते ही शहर के विभिन्न स्थानों पर तैनात अग्निशमन विभाग की गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन दुकान में रखे ज्वलनशील गैस के सिलेंडरों में विस्फोट होने के कारण आग बुझाने में काफी परेशानी हुई।

बताया जाता है कि दुकान में एसी और फ्रिज में इस्तेमाल होने वाली गैस के करीब 70 सिलेंडर रखे हुए थे। इनमें से लगभग पांच सिलेंडर फट चुके थे। सिलेंडरों के विस्फोट से आग और अधिक भयावह हो गयी। आग लगने के बाद दुकान और मार्केट में मौजूद लोग बाहर निकल गये।

सिलेंडरों के विस्फोट की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के इलाके में दहशत फैल गयी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सड़क के एक तरफ का आवागमन बंद कर दिया, ताकि अग्निशमन कर्मियों को आग बुझाने में परेशानी न हो और लोगों को सुरक्षित रखा जा सके।

सिलेंडर विस्फोट की सूचना मिलने के बाद जिला प्रशासन ने बचाव और राहत कार्य के लिए घटनास्थल पर तीन एंबुलेंस भी भेजीं। दमकल कर्मी लगातार आग बुझाने में जुटे रहे. करीब एक घंटे के प्रयास के बाद भी आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका था।

स्थानीय लोगों के अनुसार, आग की लपटों ने मार्केट की कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया. इससे दुकानदारों को भारी नुकसान होने की आशंका है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारण, संपत्ति के नुकसान और किसी के हताहत होने के संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी थी।

समाचार लिखे जाने तक अग्निशमन विभाग की टीमें आग बुझाने में जुटी हुई थीं।