सुपौल: बस और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर, 24 से अधिक यात्री घायल, आठ गंभीर
रांची (RANCHI): सुपौल जिले में गुरुवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया. यात्रियों से भरी एक बस और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस अनियंत्रित होकर एनएच-27 किनारे पलट गई. हादसे में बस में सवार 24 से अधिक यात्री घायल हो गए, जिनमें से कई की हालत गंभीर बताई गई.
जानकारी के अनुसार बस पटना से उदाकिशुनगंज जा रही थी. घटना निर्मली थाना क्षेत्र के हरियाही स्थित हर्ष पेट्रोल पंप के पास सुबह करीब 4 बजे हुई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस में करीब 40 से अधिक यात्री सवार थे. हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया.
घायलों को आनन-फानन में अनुमंडलीय अस्पताल निर्मली पहुंचाया गया, यहां 14 घायलों को भर्ती कर उनका इलाज शुरू किया गया. अस्पताल प्रबंधक मुकेश कुमार की देखरेख में डॉक्टरों की टीम ने तत्काल प्राथमिक उपचार दिया. ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. आलोक राज ने बताया कि घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए 8 लोगों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है.
ओवरटेक करने के क्रम में हुई दुर्घटना
घटना के संबंध में घायलों ने बताया कि बस आगे बढ़ रही थी, तभी पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने ओवरटेक करने के दौरान बस में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही बस का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे पलट गई. हादसे में बस और ट्रक दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. ट्रक चालक भी वाहन में फंस गया था, जिसे काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया.
जांच में जुटी पुलिस
निर्मली थाना अध्यक्ष सियार मंडल ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात को बहाल किया. इसके बाद हादसे के कारणों की जांच की में जुट गई. प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है.















