पूर्णिया, जिलाधिकारी पूर्णिया द्वारा बिहार राज्य खाद्य एवं असैनिक आपूर्ति निगम के टीपीडीएस एवं सीएमआर गोदामों के भौतिक सत्यापन के लिए जांच दल का गठन किया गया है। सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को संबंधित गोदामों में उपलब्ध खाद्यान्न, भंडारण व्यवस्था तथा अभिलेखों की जांच कर निर्धारित समय के भीतर विस्तृत प्रतिवेदन समर्पित करने का निर्देश दिया गया है।

इसी क्रम में सोमवार को वरीय उपसमाहर्ता निधि कुमारी ने कसबा एवं केनगर प्रखंड स्थित टीपीडीएस और सीएमआर गोदामों का भौतिक निरीक्षण किया। वहीं, डीसीएलआर धमदाहा द्वारा रुपौली प्रखंड के टीपीडीएस एवं सीएमआर गोदामों की जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान गोदामों में उपलब्ध खाद्यान्न के भौतिक स्टॉक का अभिलेखों से मिलान किया गया। इसके साथ ही खाद्यान्न की गुणवत्ता, रखरखाव, उठाव एवं वितरण से संबंधित पंजियों तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों की भी जांच की गई।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत खाद्यान्न की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। जांच के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने आने पर संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।