इक्विटी म्यूचुअल फंड्स के लिए शानदार रहा मार्च का महीना, 40,450 करोड़ का शुद्ध निवेश हुआ
नई
दिल्ली, पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण घरेलू
शेयर बाजार मार्च के महीने में लगातार उतार-चढ़ाव का सामना करता रहा। इस
महीने विदेशी निवेशकों ने इक्विटी मार्केट में रिकॉर्ड बिकवाली की। मार्च
के महीने में इक्विटी म्युचुअल फंड्स में 40,450 करोड़ रुपये का शुद्ध
निवेश हुआ। इसके पहले फरवरी के महीने में इक्विटी म्युचुअल फंड्स में
25,978 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश हुआ था। इस तरह मासिक आधार पर इक्विटी
म्युचुअल फंड्स में 14,472 करोड़ रुपये का निवेश बढ़ गया।
मार्च के
महीने में सबसे अधिक 3,949.93 करोड़ रुपये का फ्रेश इन्वेस्टमेंट फ्लेक्सी
कैप कैटेगरी में पराग पारिख फ्लेक्सी कैप फंड को मिला। इस फंड के
पोर्टफोलियो में फिलहाल सिर्फ 39 स्टॉक्स हैं। मार्च के महीने में फंड
मैनेजर ने पंजाब नेशनल बैंक, बजाज फाइनेंस और टाटा स्टील जैसे 37 बड़े
स्टॉक्स को पोर्टफोलियो से बाहर कर दिया। इस महीने किसी भी नए स्टॉक को
पोर्टफोलियो में शामिल नहीं किया गया है। पराग पारीख फ्लेक्सी कैप फंड में
62.5 प्रतिशत हिस्सा लार्ज कैप स्टॉक्स का है।
लार्ज कैप म्युचुअल
फंड्स की बात करें, तो मार्च के महीने में निप्पॉन इंडिया लार्जकैप फंड
निवेशकों की पहली पसंद बन रहा। इस फंड में सबसे अधिक 1,043.59 करोड़ रुपये
का फ्रेश इन्वेस्टमेंट हुआ। इस फंड के पोर्टफोलियो में 65 स्टॉक्स को शामिल
किया गया है। मार्च के महीने में फंड मैनेजर ने हनीवेल ऑटोमेशन, टीएमपीवी
और ग्रासिम इंडस्ट्रीज को पोर्टफोलियो से बाहर कर दिया, जबकि श्रीराम
फाइनेंस को पोर्टफोलियो में शामिल कर लिया।
इसी तरह मिडकैप म्युचुअल
फंड्स में एचडीएफसी मिडकैप फंड में सबसे अधिक 1,475.70 करोड रुपये का नया
निवेश हुआ। इस फंड के पोर्टफोलियो में कुल 78 स्टॉक्स को शामिल किया गया
है। मार्च के महीने में इसके पोर्टफोलियो में किसी भी नए स्टॉक को शामिल
नहीं किया गया और ना ही किसी स्टॉक को पोर्टफोलियो से बाहर किया गया। इस
महीने इक्विटी मार्केट में आई गिरावट के दौरान इस फंड ने लगातार बाई एंड
होल्ड की नीति अपनाई।
स्मॉलकैप फंड कैटेगरी में निवेशकों का रुझान
बंधन स्मॉलकैप फंड के प्रति बना रहा। मार्च के महीने में बंधन स्मॉल का फंड
को 1,571.93 करोड़ रुपये का फ्रेश इन्वेस्टमेंट मिला। इस स्मॉलकैप फंड के
पोर्टफोलियो में 251 स्टॉक्स को शामिल किया गया है। मार्च के महीने में इस
फंड के पोर्टफोलियो में स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड, लार्सन एंड
टूब्रो, रिलायंस इंडस्ट्रीज और ऑयल इंडिया समेत सात नए स्टॉक्स को शामिल
किया गया है। स्मॉल कैप के नाम से कारोबार करने वाला बंधन स्मॉल कैप फंड
पूरी तरह से स्मॉल कैप फंड नहीं है। इस फंड में 15 प्रतिशत मिडकैप स्टॉक्स
और चार प्रतिशत लार्जकैप स्टॉक्स को भी शामिल किया गया है।
इसी तरह
मल्टी कैप फंड कैटेगरी में सबसे अधिक 910 करोड़ रुपये का फ्रेश
इन्वेस्टमेंट कोटक मल्टीकैप फंड में आया। इस फंड के पोर्टफोलियो में 71
स्टॉक्स को शामिल किया गया है। मार्च के महीने में सिर्फ यूनाइटेड
स्पिरिट्स के स्टॉक को इस फंड में के पोर्टफोलियो में शामिल किया गया। कोटक
मल्टीकैप फंड में लार्ज कैप के 41 प्रतिशत, मिडकैप के 29 प्रतिशत और स्मॉल
कैप के 30 प्रतिशत स्टॉक को शामिल किया गया है।















