ग्लोबल मार्केट से कमजोरी के संकेत, एशिया में भी बिकवाली का दबाव
नई
दिल्ली, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत
में आई तेजी, अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड में बढ़ोतरी और पश्चिम एशिया में
लगातार बढ़ते तनाव की वजह से दुनिया भर के ज्यादातर शेयर बाजार में न्यूनतम
जोखिम पर काम करने का माहौल बना हुआ है। पूरी दुनिया में ज्यादातर निवेशक
सतर्क मुद्रा में कारोबार करते हुए नजर आ रहे हैं। इसकी वजह से ग्लोबल
मार्केट से आज कमजोरी के संकेत मिल रहे हैं।
वैश्विक दबाव की वजह से
अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान गिरावट के साथ बंद हुए। डाउ जॉन्स
फ्यूचर्स भी आज मामूली कमजोरी के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।
यूरोपीय बाजार में भी पिछले सत्र के दौरान लगातार बिकवाली का दबाव बना रहा।
इसी तरह एशियाई बाजार में भी आज चौतरफा बिकवाली होती हुई नजर आ रही है।
पश्चिम
एशिया में बढ़ते तनाव और उसकी वजह से अमेरिका की अर्थव्यवस्था पर पड़ रहे
निगेटिव इफेक्ट की वजह से अमेरिकी बाजार में पिछले सत्र के दौरान निवेदक
जोखिम लेने से बचते हुए नजर आए। निवेशकों की सतर्कता की वजह से वॉल स्ट्रीट
के सूचकांक गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए। एस एंड पी 500 इंडेक्स
0.71 प्रतिशत टूट कर 7,631.47 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह नैस्डेक ने
271.11 अंक यानी 1.03 प्रतिशत लुढ़क कर 26,099.77 अंक के स्तर पर पिछले
सत्र के कारोबार का अंत किया। वहीं डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज फिलहाल 0.01
प्रतिशत की सांकेतिक कमजोरी के साथ 52,762.66 अंक के स्तर पर कारोबार करता
हुआ नजर आ रहा है।
यूरोपीय बाजार में भी पिछले सत्र के दौरान लगातार
दबाव बना रहा। एफटीएसई इंडेक्स 0.32 प्रतिशत की गिरावट के साथ 10,789.28
अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह सीएसी इंडेक्स ने 0.39 प्रतिशत फिसल कर
8,301.85 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा
डीएएक्स इंडेक्स 288 अंक यानी 1.11 प्रतिशत टूट कर 25,970.11 अंक के स्तर
पर बंद हुआ।
एशियाई बाजार में भी आज लगातार बिकवाली हो रही है।
एशिया के सभी नौ बाजार के सूचकांक दबाव में कारोबार कर रहे हैं। गिफ्ट
निफ्टी 117 अंक यानी 0.49 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 23,934 अंक के स्तर पर
कारोबार कर रहा है। इसी तरह जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स 0.15 प्रतिशत लुढ़क कर
6,589.98 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है।
कोस्पी इंडेक्स में आज
जबरदस्त गिरावट आई है। यह सूचकांक फिलहाल 256.23 अंक यानी 3.75 प्रतिशत टूट
कर 6,579.57 के स्तर पर आ गया है। इसी तरह निक्केई इंडेक्स भी आज जबरदस्त
कमजोरी का शिकार हो गया है। फिलहाल यह सूचकांक 1,962.34 अंक यानी 2.96
प्रतिशत फिसल कर 64,253 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। इसके अलावा ताइवान
वेटेड इंडेक्स 716.29 अंक यानी 1.53 प्रतिशत की गिरावट के साथ 46,232.43
अंक के स्तर पर आ गया है।
वहीं हैंग सेंग इंडेक्स 276.73 अंक यानी
1.10 प्रतिशत लुढ़क कर 25,053 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। इसके अतिरिक्त
शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.82 प्रतिशत टूट कर 3,947.26 अंक के स्तर पर, सेट
कंपोजिट इंडेक्स 0.78 प्रतिशत फिसल कर 1,576.23 अंक के स्तर पर और
स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.02 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 5,709.051
अंक के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।















