भारत और कनाडा व्यापार समझौते की वार्ता पूरी करने के बेहद करीब
रांची (RANCHI): भारत और कनाडा व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (सीईपीए) की बातचीत पूरी करने के बेहद करीब हैं। दोनों पक्षों का लक्ष्य इस साल के अंत तक वार्ता को पूरा करना है। आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को दी सूचना में बताया कि भारत और कनाडा एक प्रस्तावित 'व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते' पर बातचीत पूरी करने के "बहुत करीब" हैं। नई दिल्ली में हुई बातचीत के छठे दौर के बाद दोनों देशों की टीमें इस समझौते को 2026 के अंत तक अंतिम रूप देने के लिए रोज़ाना चर्चा कर रही हैं।
दोनों पक्षों का लक्ष्य इस साल के अंत तक वार्ता को पूरा करना है
अधिकारिक सूत्रों ने कहा, ''दोनों दल हर दिन बातचीत कर रहे हैं। हम बेहद करीब हैं।'' ये बैठकें बेहद महत्वपूर्ण हैं क्योंकि दोनों पक्षों का लक्ष्य इस साल के अंत तक वार्ता को पूरा करना है। पिछले हफ्ते (11-20 नवंबर) दोनों देशों ने इस समझौते के लिए छठे दौर की वार्ता पूरी की, जिसका मकसद व्यापार और निवेश में नए अवसर खोलना तथा आपूर्ति शृंखलाओं में विविधता लाना है।
कनाडा के अंतरराष्ट्रीय व्यापार उप-मंत्री ग्लेन परवेस के साथ बैठक
प्राप्त जानकारी के अनुसार वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने भी इन वार्ताओं की प्रगति की समीक्षा के लिए कनाडा के अंतरराष्ट्रीय व्यापार उप-मंत्री ग्लेन परवेस और उनके प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक की। इस बातचीत में वस्तुओं के व्यापार, सेवाओं के व्यापार, उत्पत्ति के नियम, व्यापारिक उपचार, बौद्धिक संपदा और निवेश प्रोत्साहन सहित प्रमुख क्षेत्रों को शामिल किया गया। बता दें कि भारत-कनाडा सीईपीए की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने मार्च, 2026 में की थी। दोनों देशों के अधिकारियों के अनुसार इसे वर्ष 2026 के अंत तक अंतिम रूप देने का लक्ष्य है।















