रांची (RANCHI): झारखंड की राजधानी रांची, हजारीबाग समेत राज्य के कई इलाकों में मंगलवार सुबह भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। अचानक धरती हिलने से लोगों में दहशत फैल गई। घबराए लोग अपने घरों और अपार्टमेंट से बाहर निकलकर खुले स्थानों पर जमा हो गए।

सुबह 7 बजकर 02 मिनट पर आया भूकंप 


राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) के मुताबिक, भूकंप सुबह 7 बजकर 02 मिनट पर आया। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 5.4 मापी गई। भूकंप का केंद्र नेपाल के कोशी प्रदेश में लेलेप से करीब नौ किलोमीटर दूर जमीन के भीतर बताया गया है।

बांग्लादेश, भूटान और चीन के सीमावर्ती इलाकों में भी आया भूकंप

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, नेपाल के अलावा भारत के बिहार और झारखंड समेत बांग्लादेश, भूटान और चीन के सीमावर्ती इलाकों में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। हालांकि, फिलहाल कहीं से जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। सुबह लोग अपनी दिनचर्या शुरू कर रहे थे, तभी अचानक पंखे और घरों में रखे सामान हिलने लगे। इससे लोगों को भूकंप का अहसास हुआ और वे एहतियातन घरों से बाहर निकल आए।