शेयर बाजार में चार दिन तेजी पर लगा ब्रेक, गिरावट के साथ बंद हुए सेंसेक्स और निफ्टी
बाजार की कमजोरी से निवेशकों को लगा 1.39 लाख करोड़ रुपये का झटका
नई
दिल्ली, घरेलू शेयर बाजार में पिछले चार कारोबारी दिन
से जारी तेजी के सिलसिले पर आज ब्रेक लग गया। दिन भर उतार चढ़ाव का सामना
करने के बाद शेयर बाजार आज गिरावट के साथ बंद हुआ। आज के कारोबार की शुरुआत
मजबूती के साथ हुई थी। दिन के कारोबार में खरीदारी के सपोर्ट से बाजार की
मजबूती और बढ़ी, लेकिन आखिरी आधे घंटे के कारोबार में चौतरफा मुनाफा वसूली
शुरू हो जाने के कारण बाजार की चाल टूट गई। पूरे दिन के कारोबार के बाद
सेंसेक्स और निफ्टी 0.13 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुए।
आज दिन
भर के कारोबार के दौरान ज्यादातर सेक्टोरल इंडेक्स दबाव में कारोबार करते
रहे। रियल्टी, मेटल और एनर्जी सेक्टर के शेयरों में आज सबसे अधिक बिकवाली
होती रही। इसी तरह फार्मास्यूटिकल, मीडिया, बैंकिंग, ऑटोमोबाइल, कैपिटल
गुड्स, एफएमसीजी और पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज इंडेक्स भी गिरावट के साथ बंद
हुए। दूसरी ओर, आईटी सेक्टर के शेयरों में आज जम कर खरीदारी होती रही। इस
खरीदारी के कारण निफ्टी का आईटी इंडेक्स 2.43 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद
हुआ।
इसी तरह कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और ऑयल एंड गैस इंडेक्स भी हरे
निशान में बंद होने में सफल रहे। ब्रॉडर मार्केट में भी आज लगातार बिकवाली
का दबाव बना रहा, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.30 प्रतिशत की
कमजोरी के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.55 प्रतिशत की
गिरावट के साथ आज के कारोबार का अंत किया।
आज शेयर बाजार में आई
कमजोरी के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में करीब 1.40 लाख
करोड़ रुपये की कमी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट
कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 480.11 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम)
हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी सोमवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन
481.50 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब
1.39 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।
आज दिन भर के कारोबार में
बीएसई में 4,397 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 1,599 शेयर बढ़त के
साथ बंद हुए, जबकि 2,633 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 165 शेयर
बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 2,951 शेयरों में एक्टिव
ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,018 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,933
शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30
शेयरों में से 14 शेयर बढ़त के साथ और 16 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि
निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 24 शेयर हरे निशान में और 26 शेयर लाल
निशान में बंद हुए।
बीएसई का सेंसेक्स आज 176.09 अंक की मजबूती के
साथ 78,461.16 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने के बाद कुछ देर
तक मुनाफा वसूली के चक्कर में बिकवाली होती रही, लेकिन पहले 20 मिनट के
बाद ही खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया। लिवाली के सपोर्ट से दोपहर 12
बजे के करीब सेंसेक्स 379.85 अंक की छलांग लगा कर 78,664.92 अंक के स्तर पर
पहुंच गया।
इसके बाद बाजार में मुनाफा वसूली होने लगी, जिससे इस
सूचकांक की चाल में भी गिरावट आने लगी। खासकर, शाम तीन बजे के करीब बिकवाली
का दबाव काफी अधिक बढ़ गया, जिसकी वजह से यह सूचकांक ऊपरी स्तर से 633.88
अंक टूट कर 254.03 अंक की कमजोरी के साथ 78,031.04 अंक तक पहुंच गया। अंत
में इंट्रा-डे सेटलमेंट की वजह से हुई खरीदारी के कारण सेंसेक्स दिन के
निचले स्तर से करीब 150 अंक की रिकवरी कर 104.35 अंक की गिरावट के साथ
78,180.72 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के
निफ्टी ने आज 34.10 अंक उछल कर 24,464.45 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत
की। बाजार खुलने के कुछ देर बाद हुई बिकवाली की वजह से पहले 20 मिनट के
कारोबार में ही यह सूचकांक लुढ़क कर लाल निशान में 24,423.50 अंक तक गिर
गया। इसके बाद खरीदार में लिवाली शुरू कर दी, जिससे इस सूचकांक की चाल में
सुधार होने लगा। खरीदारी के सपोर्ट से दोपहर 12 बजे के करीब निफ्टी 100.55
अंक की मजबूती के साथ 24,530.90 अंक तक पहुंच गया।
इसके बाद बाजार
में एक बार फिर बिकवाली का दबाव बन गया। शेयरों की लगातार हो रही बिक्री के
कारण आज का कारोबार खत्म होने के थोड़ी देर पहले यह सूचकांक ऊपरी स्तर से
181.95 अंक लुढ़क कर 81.40 अंक की गिरावट के साथ 24,348.95 अंक के स्तर तक आ
गया। अंत में दिन के सौदों के निपटारे के कारण हुई खरीदारी की वजह से
निफ्टी आज के निचले स्तर से करीब 50 अंक सुधर कर 31.65 अंक की कमजोरी के
साथ 24,398.70 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
आज दिन भर हुई खरीद बिक्री
के बाद स्टॉक मार्केट की दिग्गज शेयरों में से एचसीएल टेक्नोलॉजी तीन
प्रतिशत, टेक महिंद्रा 2.92 प्रतिशत, इंफोसिस 2.84 प्रतिशत, टाइटन कंपनी
2.67 प्रतिशत और एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस 2.49 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज
के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, ट्रेंट लिमिटेड 12.44
प्रतिशत, अदानी एंटरप्राइजेज 3.10 प्रतिशत, अदानी पोर्ट्स 1.64 प्रतिशत,
भारत इलेक्ट्रॉनिक्स 1.50 प्रतिशत और सिप्ला 1.39 प्रतिशत की कमजोरी के साथ
आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।















