केरल में टनल धंसने से तोरपा के मजदूर की मौत, गांव में शोक
खूंटी
, तोरपा प्रखंड के उनुकदा गांव निवासी 25 वर्षीय मजदूर
अनमोल डोडराय की मंगलवार को केरल में एक दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। घटना
की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, पूरे गांव में शोक की लहर
दौड़ गई है। अनमोल डोडराय अलविस डोडराय का पुत्र था। बताया गया कि
वह इसी वर्ष फरवरी माह में गांव के कुछ साथियों के साथ रोजगार की तलाश में
केरल गया था। वहां वह केरल के वायनाड क्षेत्र में निर्माणाधीन एक टनल
परियोजना में मजदूर के रूप में कार्यरत था।
मिली जानकारी के अनुसार
मंगलवार को अनमोल टनल के भीतर काम कर रहा था। उसी दौरान अचानक तेज बारिश
शुरू हो गई, जिससे टनल का एक हिस्सा धंस गया। मलबे की चपेट में आने से
अनमोल की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना पर स्थानीय प्रशासन
और संबंधित एजेंसियों ने राहत कार्य शुरू किया। परिजनों को हादसे की
जानकारी दे दी गई है। अनमोल के शव को केरल से उसके पैतृक गांव उनुकदा लाने
की तैयारी की जा रही है।














