शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार पर दबाव, सेंसेक्स और निफ्टी में बड़ी गिरावट
नई दिल्ली, घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान उतार-चढ़ाव के बीच दबाव बना हुआ नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत भी गिरावट के साथ लाल निशान में हुई थी। बाजार खुलने के तुरंत बाद मंदड़ियों ने बिकवाली का दबाव बना दिया, जिसके कारण सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक गिरते चले गए। हालांकि, थोड़ी देर बाद निचले स्तर से शुरू हुई खरीदारी के कारण बाजार ने वापसी करने की कोशिश की, लेकिन खरीदारी का ये दौर अधिक देर तक टिक नहीं सका। बाजार में लगातार जारी खरीद-बिक्री के बीच पहले एक घंटे के कारोबार के बाद सेंसेक्स 1.09 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार कर रहा था। इसी तरह, निफ्टी 0.84 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा था।
बीएसई का सेंसेक्स आज 345.23 अंक यानी 0.47 प्रतिशत की गिरावट के साथ 73,253.44 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया, जिसके चलते यह सूचकांक गिरकर 72,772.48 अंक के स्तर तक चला गया। इंफोसिस और टीसीएस जैसे बड़े आईटी शेयरों में आई गिरावट से बाजार पर शुरुआती दबाव बना। हालांकि, थोड़ी देर बाद निचले स्तर पर लिवालों ने मोर्चा संभाला। खासकर, भारती एयरटेल जैसी कंपनियों के शेयरों में आई जोरदार खरीदारी से बाजार को सहारा मिला।
बाजार में शुरू हुई खरीदारी के इस सपोर्ट से सेंसेक्स निचले स्तर से उबरते हुए 73,316.46 अंक के ऊपरी स्तर तक पहुंच गया। हालांकि इसके बाद एक बार फिर बिकवाली शुरू हो जाने की वजह से इस सूचकांक की कमजोरी दोबार बढ़ने लगी। बाजार में लगातार जारी खरीद-बिक्री के बीच पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 805.47 अंक यानी 1.09 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 72,793.20 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा था।
सेंसेक्स की ही तरह एनएसई के निफ्टी ने आज 71.75 अंक यानी 0.32 प्रतिशत की कमजोरी दर्ज करते हुए 22,678 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही बिकवाली के दबाव में यह सूचकांक फिसलकर 22,540.70 अंक के स्तर तक चला गया। हालांकि, शुरुआती झटके के बाद निचले स्तर पर शुरू हुई लिवाली के चलते इस सूचकांक की स्थिति में सुधार होने लगा, जिससे निफ्टी 22,691.50 अंक के स्तर तक पहुंचने में सफल रहा।
हालांकि लिवाली का ये दौर ज्यादा देर तक टिक नहीं सका। सुबह 10 बजे के थोड़ी देर पहली ही बाजार में एक बार फिर बिकवाली का दबाव बन गया, जिसके कारण ये सूचकांक नीचे की ओर लुढ़कता चला गया। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 191.90 अंक यानी 0.84 प्रतिशत की मंदी के साथ 22,557.85 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,837 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,304 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 1,533 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से सात शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 23 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 16 शेयर हरे निशान में और 34 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।
आज सुबह के कारोबार में स्टॉक मार्केट की दिग्गज कंपनियों में से टॉप गेनर्स की सूची में लार्सन 4.91 प्रतिशत, बजाज ऑटो 2.20 प्रतिशत, अपोलो हॉस्पिटल 1.61 प्रतिशत, एसबीआई 0.81 प्रतिशत और एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस 0.77 प्रतिशत की मजबूती के साथ बाजार को सहारा देने की कोशिश कर रही थीं। दूसरी ओर, टॉप लूजर्स में इंफोसिस 4.35 प्रतिशत, टेक महिंद्रा 3.20 प्रतिशत, टीसीएस 2.82 प्रतिशत, एचसीएल टेक 2.75 प्रतिशत और आईटीसी 1.85 प्रतिशत की गिरावट के साथ लाल निशान में बने हुए थे।
इसके पहले पिछले कारोबारी दिन मंगलवार को सेंसेक्स 8.08 अंक यानी 0.01 प्रतिशत की सांकेतिक कमजोरी के साथ 73,598.67 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 3.45 अंक यानी 0.02 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 22,749.75 अंक के स्तर पर सोमवार के कारोबार का अंत किया था।















