चेक बाउंस मामले में उद्घोषित अपराधी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा
शिमला, चेक बाउंस के 70 हजार रुपये के एक मामले में अदालत में पेश न होने पर उद्घोषित किए गए व्यक्ति को शिमला पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान चंदर प्रकाश पुत्र नानक निवासी जिला शिमला के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे बुधवार को शिमला के बस स्टैंड चक्कर से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जिला कारागार कैथू भेजने के आदेश दिए गए।
पुलिस के अनुसार यह मामला परक्राम्य लिखत अधिनियम के तहत चेक बाउंस से संबंधित है। इसमें 70 हजार रुपये का चेक शामिल है। मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने आरोपी को पेश होने के लिए कई बार समन जारी किए। इसके बाद उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट भी जारी किए गए, लेकिन वह अदालत में पेश नहीं हुआ।
लगातार अदालत में अनुपस्थित रहने के चलते आरोपी के खिलाफ उद्घोषणा की कार्रवाई की गई थी। न्यायालय के 31 जुलाई, 2026 के आदेश के अनुपालन में 28 अप्रैल, 2026 को उद्घोषणा विधिवत तामील किए जाने का उल्लेख पुलिस ने किया है। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
पुलिस चौकी जतोग की टीम ने 18 नवंबर को कार्रवाई करते हुए आरोपी को बस स्टैंड चक्कर से गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे उसी दिन न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी (जेएमएफसी)-4, शिमला की अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में जिला कारागार कैथू भेजने के आदेश दिए।
शिमला पुलिस के एक प्रवक्ता ने वीरवार को बताया कि अदालतों की ओर से जारी समन और वारंट की तामील के लिए कार्रवाई जारी है। लंबे समय से अदालत में पेश न होने वाले उद्घोषित व्यक्तियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के सामने लाया जा रहा है।















