भाई को थप्पड़ मारने वाली भाभी की बहन को मारी गोली, मौत
कानपुर, कैंट थाना क्षेत्र के शक्तिपुरवा में रविवार शाम
पारिवारिक विवाद को लेकर घर पहुंचे युवकों ने महिला को गोली मार दी। गोली
पेट में लगने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे केपीएम अस्पताल
ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपित मौके से
फरार हो गए। पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मृतका
चांदनी निषाद (30) की छोटी बहन सरोजनी निषाद की शादी वर्ष 2020 में उन्नाव
के गंगाघाट निवासी संतोष से हुई थी। सरोजनी के मुताबिक, शादी के बाद पति
और ससुरालवालों की प्रताड़ना से परेशान होकर वह करीब दो वर्ष पहले ससुराल
छोड़कर मायके में रहने लगी थी। पति-पत्नी के बीच वर्ष 2024 से कोर्ट में
मामला भी चल रहा है।
परिजनों के अनुसार रविवार शाम करीब पांच बजे
संतोष अपनी ससुराल आया था। यहां किसी बात को लेकर उसका सरोजनी से विवाद हो
गया। कहासुनी के दौरान सरोजनी ने संतोष को तमाचा मार दिया। इसके बाद संतोष
धमकी देते हुए वहां से चला गया।
आरोप है कि करीब दो घंटे बाद संतोष
का भाई विनोद अपने पारिवारिक भाइयों अंशू और अजय तथा दो अन्य युवकों के साथ
दो बाइकों से सरोजनी के घर पहुंचा। घर पहुंचते ही युवकों ने हंगामा शुरू
कर दिया और सरोजनी से उसके भाई को तमाचा मारने को लेकर सवाल करने लगे। इस
दौरान घर में मौजूद चांदनी ने बीच-बचाव करते हुए युवकों का विरोध किया।
परिजनों
का आरोप है कि इसी दौरान विनोद ने तमंचा निकालकर चांदनी के पेट में सटाकर
गोली मार दी। गोली लगते ही चांदनी खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर गई।
फायरिंग के बाद आरोपित बाइक से मौके से भाग निकले। गोली चलने की आवाज सुनकर
आसपास के लोग भी घटनास्थल पर पहुंच गए।
परिजन आनन-फानन में चांदनी
को केपीएम अस्पताल, बिरहाना रोड ले गए। डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया, लेकिन
कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही कैंट पुलिस मौके पर
पहुंची। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने
परिजनों से पूछताछ कर घटना की पूरी जानकारी ली।
पुलिस के मुताबिक,
शुरुआती जांच में मामला सरोजनी के पति और ससुराल पक्ष के साथ चल रहे विवाद
से जुड़ा सामने आया है। पुलिस ने आरोपितों की तलाश में दबिश देते हुए तीन
लोगों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है
कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस
उपायुक्त पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि तहरीर प्राप्त कर मामले में
अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है।















