युवती की तालाब में मिली लाश, पुलिस जांच में जुटी
बांदा, उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में मर्का थाना क्षेत्र के
अरमार गांव में मंगलवार सुबह 22 वर्षीय युवती का शव गांव के किनारे स्थित
रहदन तालाब में मिला। पुलिस ने शव को तालाब से बाहर निकलवाकर कब्जे में
लिया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को
पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।
अरमार गांव निवासी
एक युवक की 22 वर्षीय पुत्री का शव गांव से करीब दाे साै मीटर दूर स्थित
रहदन तालाब में मिला। सुबह कुछ ग्रामीणों ने तालाब के किनारे शव देखा तो
इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर मरका थाना पुलिस और क्षेत्राधिकारी
कृष्णकांत त्रिपाठी मौके पर पहुंचे।
घटना की जानकारी मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज सिंह भी घटनास्थल पहुंचे और मामले की जांच-पड़ताल की।
मृतका
के भाई जितेंद्र ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि वर्ष 2022 में उसकी
बहन ने गांव के ही तीन युवकों के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था।
आरोप है कि मुकदमे को लेकर उस पर लगातार सुलह-समझौते का दबाव बनाया जा रहा
था। उसे प्रताड़ित किया जा रहा था।
क्षेत्राधिकारी कृष्णकांत
त्रिपाठी ने बताया कि युवती की मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए शव
को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार
पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।















