चाबी बनाने के बहाने घर में घुसे, लाखों के गहने और नकदी उड़ाई, गुजरात से दबोचा गया शातिर चोर
नई दिल्ली, दक्षिण-पश्चिम जिला पुलिस की एंटी बर्गलरी सेल ने चाबी बनाने के बहाने घर में चोरी करने वाले एक शातिर चोर और उसके नाबालिग साथी को पकड़ा है। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर चोरी के गहनों की बिक्री से मिले 1.50 लाख रुपये नकद और चोरी की एक जोड़ी बालियां बरामद की हैं।
दक्षिण पश्चिम जिले के पुलिस उपायुक्त अमित गोयल ने शनिवार को बताया कि 28 अप्रैल को पालम विलेज थाना क्षेत्र में एक ई-एफआईआर दर्ज कराई गई थी। शिकायतकर्ता ने बताया था कि उसके घर में चाबी बनाने के बहाने आए दो लोगों ने अलमारी से जेवरात और एक लाख रुपये नकद चोरी कर लिए।
350 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर मिला सुराग
मामले की जांच के लिए एंटी बर्गलरी सेल की विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने करीब 350 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। तकनीकी निगरानी और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध प्रह्लाद सिंह की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने नाला रोड, सागरपुर इलाके में छापेमारी कर प्रह्लाद सिंह और उसके नाबालिग भतीजे को पकड़ लिया।
आरोपित ने यह भी बताया कि चोरी के बाद गहनों को बेच दिया था और रकम आपस में बांट ली थी। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर गुजरात के वडोदरा स्थित उसके घर से चोरी की संपत्ति की बिक्री से मिले 1.50 लाख रुपये नकद और चोरी की एक जोड़ी बालियां बरामद की हैं।















