लोकसभा अध्यक्ष और केन्द्रीय मंत्री ने हिंदी पत्रकारिता दिवस की शुभकामनाएं दी
नई दिल्ली, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित कई मंत्रियों ने शनिवार को हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर सभी पत्रकारों, लेखकों को हार्दिक शुभाकामनाएं दी।
ओम बिरला ने शुभकामनाएं देते हुए एक्स पर कहा, “हमारे देश में हिंदी पत्रकारिता समाज की चेतना, लोकतंत्र की मजबूती और जनभावनाओं की अभिव्यक्ति का सशक्त मंच है। समय-समय पर जनजागरण, सामाजिक परिवर्तन और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
शिवराज सिंह ने कहा कि हिन्दी पत्रकारिता ने अपनी गौरवशाली यात्रा में समाज को जागरूक करने, लोकतंत्र को सशक्त बनाने तथा जनसरोकारों को प्रभावी अभिव्यक्ति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। पत्रकारिता की लोकहित और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना के अनुरूप आप सभी राष्ट्र एवं समाज की उन्नति में अपना योगदान देते रहें।
केन्द्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि 'कलम की ताकत' से समाज को जागरूक, प्रबुद्ध और सशक्त बनाने तथा निष्पक्षता से जन-जन की आवाज उठाने वाले लोकतंत्र के सभी सजग प्रहरियों को सादर नमन।
केन्द्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री वीरेन्द्र कुमार ने कहा कि हिन्दी पत्रकारिता केवल समाचार संकलन का इतिहास नहीं अपितु जनचेतना, सामाजिक परिवर्तन और राष्ट्र निर्माण की एक सशक्त धारा रही है।














