खूंटी,  खूंटी के वरिष्ठ पत्रकार एवं खूंटी क्लब के उपाध्यक्ष राज कुमार गुप्ता के ढाई वर्षीय पोते आश्विक कुमार गुप्ता का शुक्रवार देर रात एक सड़क हादसे में मौत हो गई। मासूम की मौत ने पूरे परिवार ही नहीं, बल्कि शहर में शोक की लहर दौड़ गई।

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात करीब 11 बजे आश्विक के पिता सौरभ राज अपने परिवार के साथ बाहर से घर लौटे थे।

घर पहुंचने के बाद सौरभ अपने पिता राज कुमार गुप्ता से बातचीत में मशगूल हो गए। इसी दौरान ढाई वर्षीय आश्विक घर से निकलकर मुख्य सड़क की ओर चला गया।

बताया जाता है कि सड़क किनारे एक सवारी वाहन खड़ा था, जिसका चालक वाहन स्टार्ट कर आगे बढ़ा। इसी दौरान मासूम आश्विक वाहन की चपेट में आ गया। हादसा इतना अचानक हुआ कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।

शनिवार सुबह से ही राज कुमार गुप्ता के आवास के बाहर लोगों की भारी भीड़ जुटने लगी। संवेदना व्यक्त करने पहुंचे लोगों की आंखें नम थीं और माहौल गमगीन बना हुआ था।

पत्रकार के पोते की मौत पर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष नीलकंठ सिंह मुंडा, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष काशीनाथ महतो, पत्रकार रंजीत प्रसाद, अजय शर्मा, अनिल मिश्र, प्रेम तिवारी, चन्द्र शेखर चौधरी, चन्दन कुमार, राहुल मिश्रा, गुंजन कुमार सहित कई लोगों ने गहरी संवेदना व्यक्त की है।