नोएडा,  उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर नोएडा के थाना बादलपुर क्षेत्र की एक कॉलोनी में छत से गिरने से एक महिला की मौत हो गई। महिला के परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग दहेज में 10 लाख रुपये की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर महिला को छत से धक्का दे दिया।

थाना बादलपुर के प्रभारी विजय गुप्ता ने बताया कि जनपद बुलंदशहर के रहने वाले चंद्र प्रकाश ने अपनी बेटी रचना की शादी एक साल पहले बादलपुर कोतवाली क्षेत्र की द्वारका सिटी कॉलोनी में रहने वाले आकाश से की थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के समय से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज में 10 लाख रुपये की मांग कर रहे थे।

मांग पूरी ने होने पर ससुराल पक्ष के लोगों ने मंगलवार की रात को रचना को छत से धक्का दे दिया। घटना में रचना की मौत हो गई। परिजनों ने इस मामले में पुलिस से शिकायत की है। बादलपुर कोतवाली प्रभारी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश की जा रही है।