सागर में फोरलेन किनारे बोरे में मिला अज्ञात शव, हत्या की आशंका
सागर, मध्य प्रदेश के सागर जिले के कर्रापुर क्षेत्र में
शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब फोरलेन मार्ग किनारे एक बंद बोरे में
अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची
और मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हत्या की
आशंका जताई जा रही है।
दरअसल कर्रापुर फोरलेन पर स्थित राजा ढाबा के
सामने एक वेयरहाउस के पास संदिग्ध हालत में पड़े एक बोरे ने स्थानीय लोगों
का ध्यान खींचा। बोरे से तेज दुर्गंध आ रही थी, जिससे लोगों को अनहोनी की
आशंका हुई। जब स्थानीय लोगों ने पास जाकर बोरे की जांच की, तो बोरे के भीतर
एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा हुआ था। यह दृश्य देखते ही क्षेत्र में
हड़कंप मच गया और कुछ ही समय में बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
घटना
की सूचना तुरंत कर्रापुर पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस दल-बल के
साथ मौके पर पहुँची और इलाके को घेराबंदी कर अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस
ने सावधानीपूर्वक बोरे को खुलवाकर शव को बाहर निकाला और पंचनामा कार्रवाई
शुरू की। प्रारंभिक जांच में यह मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। जिस तरह
से शव को बोरे में बंद कर सुनसान स्थान पर फेंका गया है, उससे यह अंदेशा
जताया जा रहा है कि हत्या कहीं और की गई और शव को पहचान छिपाने के उद्देश्य
से यहां लाकर ठिकाने लगाया गया।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को
देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी मौके पर बुलाया है।
फॉरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं,
जिससे घटना के पीछे की सच्चाई सामने आ सके। इसके साथ ही पुलिस आसपास लगे
सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है। विशेष रूप से राजा ढाबा और
वेयरहाउस के आसपास लगे कैमरों की जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा
सके कि संदिग्ध बोरा वहां कब और किसके द्वारा फेंका गया।
फिलहाल शव
की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस द्वारा आसपास के थानों में गुमशुदगी की
रिपोर्ट भी खंगाली जा रही है, ताकि मृतक की शिनाख्त हो सके। शव को
पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद मौत के
कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। वहीं, इस संबंध में पुलिस अधिकारियों का
कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक
पहुंचने का प्रयास किया जाएगा। फिलहाल पुलिस द्वारा ढाबे व वेयरहाउस के
आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि यह पता लगाया
जा सके कि बोरा वहाँ कब और किसने फेंका।















