अभिनेता इमरान हाशमी की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'आवारापन 2' की रिलीज को लेकर पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं। चर्चा थी कि 14 अगस्त को रिलीज होने वाली सनी देओल की 'बटवारा 1947' से बॉक्स ऑफिस टकराव से बचने के लिए फिल्म की रिलीज टाल दी जाएगी। हालांकि, अब अभिनेता इमरान हाशमी और फिल्म के निर्माताओं ने इन सभी अफवाहों पर विराम लगा दिया है। उन्होंने साफ कर दिया है कि फिल्म अपनी तय तारीख 14 अगस्त को ही सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

इमरान हाशमी ने इंस्टाग्राम लाइव के दौरान रिलीज टलने की खबरों को खारिज करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर बिना पुष्टि के कई बातें वायरल हो जाती हैं। उन्होंने कहा, "आजकल सोशल मीडिया पर कुछ भी बोल दिया जाता है और फिर वह वायरल हो जाता है लेकिन हम 14 अगस्त को ही आ रहे हैं।"

वहीं, निर्माता विशेष भट्ट ने भी सितंबर में फिल्म रिलीज होने की खबरों को पूरी तरह निराधार बताया और कहा कि रिलीज डेट में किसी तरह का बदलाव नहीं किया गया है।

सनी देओल की 'बटवारा 1947' के साथ बॉक्स ऑफिस टक्कर पर विशेष भट्ट ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए कहा कि उन्हें खुशी है कि उनकी फिल्म एक बड़े स्टार की फिल्म के साथ रिलीज हो रही है। उन्होंने इसे अपनी पहली हॉलिडे रिलीज बताते हुए दर्शकों के समर्थन पर भरोसा जताया।

फिल्म का ट्रेलर 6 अगस्त को रिलीज किया जाएगा। फिल्म में इमरान हाशमी के साथ दिशा पाटनी और शबाना आजमी भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगी। 'आवारापन 2' को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही काफी उत्साह है और अब रिलीज डेट पर लगी सभी अटकलों के खत्म होने के बाद फिल्म का इंतजार और बढ़ गया है।