रामायण मेरी बेटी राहा की बड़े पर्दे पर पहली फिल्म होगी : रणबीर कपूर
अभिनेता
रणबीर कपूर ने अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण' को अपने करियर का सबसे
खास और यादगार प्रोजेक्ट बताया है। सैन डिएगो कॉमिक-कॉन (एसडीसीसी) में
निर्माता नमित मल्होत्रा, निर्देशक नितेश तिवारी और अभिनेता यश के साथ
पहुंचे रणबीर ने फिल्म से जुड़ा एक भावुक खुलासा किया। उन्होंने कहा कि
'रामायण' उनकी दो वर्षीय बेटी राहा कपूर की बड़े पर्दे पर देखी जाने वाली
पहली फिल्म होगी। रणबीर ने कहा, "मैं इसे लेकर बेहद उत्साहित हूं। यह हमारे
परिवार के लिए भी बहुत खास पल होगा।"
रणबीर ने बताया कि जब उन्हें
भगवान राम का किरदार निभाने का प्रस्ताव मिला था, तब उनके मन में कई सवाल
और आशंकाएं थीं। उन्होंने कहा, "मैं सोच रहा था कि क्या मैं इस किरदार के
साथ न्याय कर पाऊंगा? क्या मैं इसके योग्य हूं? लेकिन धीरे-धीरे वह डर
कृतज्ञता में बदल गया। मुझे एहसास हुआ कि यह जीवन में एक बार मिलने वाला
अवसर और एक बड़ी जिम्मेदारी है।" उन्होंने कहा कि 'रामायण' केवल एक फिल्म
नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और आस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है, इसलिए इसे
पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ बनाया जा रहा है।
रणबीर ने भगवान
राम को साहस, करुणा, क्षमा और धर्म का प्रतीक बताते हुए कहा कि करोड़ों लोग
सदियों से उनके आदर्शों से प्रेरणा लेते आए हैं। उन्होंने विश्वास जताया
कि फिल्म हर पीढ़ी के दर्शकों से भावनात्मक रूप से जुड़ेगी। नितेश तिवारी
के निर्देशन में बन रही इस महागाथा का पहला भाग दिवाली 2026 और दूसरा भाग
दिवाली 2027 में रिलीज होगा। फिल्म में रणबीर कपूर के साथ यश, साई पल्लवी,
सनी देओल, रवि दुबे, अरुण गोविल, लारा दत्ता, विवेक ओबेरॉय, रकुल प्रीत
सिंह और कुणाल कपूर भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।















