रामायण का ट्रेलर टला, अब वैश्विक स्तर पर एक साथ लॉन्च किया जायेगा
रणबीर
कपूर और यश अभिनीत बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण' के ट्रेलर का इंतजार कर
रहे प्रशंसकों को अभी कुछ और इंतजार करना होगा। 24 जुलाई को रिलीज होने
वाला फिल्म का ट्रेलर अंतिम समय में स्थगित कर दिया गया। निर्माता नमित
मल्होत्रा ने बताया कि फिल्म के अंतरराष्ट्रीय वितरण के लिए सोनी पिक्चर्स
एंटरटेनमेंट के साथ बड़ी साझेदारी होने के कारण अब ट्रेलर को वैश्विक स्तर
पर एक साथ लॉन्च किया जाएगा।
नमित मल्होत्रा ने सोशल मीडिया पर
जानकारी देते हुए कहा कि यह साझेदारी भारतीय सिनेमा के लिए ऐतिहासिक कदम
है। उनके अनुसार, 'रामायण' केवल भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया भर में अब तक
की सबसे बड़ी सिनेमाई रिलीज में से एक होगी। उन्होंने कहा कि सोनी पिक्चर्स
जैसी हॉलीवुड की प्रमुख कंपनी के साथ मिलकर फिल्म को अंतरराष्ट्रीय स्तर
पर उसी भव्यता के साथ रिलीज किया जाएगा, जैसी किसी बड़ी हॉलीवुड फिल्म को
मिलती है।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही 'रामायण' का ट्रेलर
पहले सैन डिएगो कॉमिक-कॉन में फिल्म की टीम की मौजूदगी के बाद 24 जुलाई की
सुबह जारी किया जाना था। हालांकि अब इसकी नई रिलीज तारीख की घोषणा बाद में
की जाएगी। नमित मल्होत्रा ने इसे भारतीय सिनेमा के 100 से अधिक वर्षों के
इतिहास का गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि यह फिल्म भारतीय संस्कृति और
पौराणिक विरासत को वैश्विक दर्शकों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगी।















