रश्मिका मंदाना की मैसा की रिलीज डेट का ऐलान
रश्मिका
मंदाना की बहुप्रतीक्षित एक्शन ड्रामा फिल्म 'मैसा' की रिलीज डेट का ऐलान
कर दिया गया है। रविंद्र पुल्ले के निर्देशन में बनी यह फिल्म 27 नवंबर
2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। फिल्म को भारत की शुरुआती फीमेल-लेड
पैन-इंडिया फिल्मों में से एक बताया जा रहा है। मेकर्स की ओर से अब तक जारी
किए गए रश्मिका के अलग-अलग लुक पोस्टर्स में उनका इंटेंस अंदाज देखने को
मिला है, जिसके बाद फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है।
'मैसा'
में रश्मिका एक ऐसे दमदार और चुनौतीपूर्ण किरदार में नजर आएंगी, जो उनके
अब तक के निभाए किरदारों से काफी अलग बताया जा रहा है। फिल्म के जरिए
अभिनेत्री पहली बार इतने बड़े स्तर पर एक्शन से भरपूर और इंटेंस भूमिका में
दिखाई देंगी। अनफॉर्मुला फिल्म्स के प्रोडक्शन में बनी यह फिल्म एक इमोशनल
एक्शन थ्रिलर है, जिसकी कहानी आदिवासी इलाकों की पृष्ठभूमि पर आधारित है।
फिल्म में एक्शन के साथ भावनात्मक कहानी और बड़े पैमाने पर तैयार किए गए
विजुअल्स देखने को मिलेंगे।
रश्मिका ने सोशल मीडिया पर फिल्म से
अपने किरदार की झलक शेयर करते हुए रिलीज डेट की घोषणा की है। फिल्म के
पोस्टर्स में अभिनेत्री का बदला हुआ और दमदार लुक पहले ही चर्चा बटोर चुका
है। 'मैसा' के जरिए मेकर्स एक महिला केंद्रित कहानी को पैन-इंडिया स्तर पर
पेश करने की तैयारी में हैं। अब 27 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने
वाली इस फिल्म में रश्मिका का नया अवतार दर्शकों पर कितना प्रभाव छोड़ता
है, यह देखना दिलचस्प होगा।















