गोवा की साध्वी सैल बनीं फेमिना मिस इंडिया वर्ल्ड 2026
भुवनेश्वर
में आयोजित फेमिना मिस इंडिया 2026 के 61वें संस्करण में गोवा की साध्वी
सैल ने फेमिना मिस इंडिया वर्ल्ड 2026 का ताज अपने नाम कर लिया। इस जीत के
साथ अब वह अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। वहीं
महाराष्ट्र की राजनंदिनी पवार को फर्स्ट रनर-अप और अद्वैता को सेकेंड
रनर-अप घोषित किया गया। प्रतियोगिता के नतीजों के साथ ही विजेताओं के नाम
पूरे देश में चर्चा का विषय बन गए।
भुवनेश्वर स्थित केआईआईटी
यूनिवर्सिटी में आयोजित इस भव्य समारोह का थीम "कनेक्टिंग द डॉट्स-डाल्टर्स
ऑफ दिस सोयल" रखा गया था। इस थीम के जरिए भारत की सांस्कृतिक विविधता और
एकता को मंच पर खूबसूरती से पेश किया गया। देशभर से आई प्रतिभागियों ने
आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया, जिसने
ग्रैंड फिनाले को यादगार बना दिया।
प्रतियोगिता की शुरुआत पिछले
वर्ष नवंबर में देशभर में आयोजित टैलेंट हंट से हुई थी, जिसमें अलग-अलग
राज्यों से प्रतिभागियों का चयन किया गया। इसके बाद टॉप 30 प्रतिभागियों ने
मुंबई में विशेष ग्रूमिंग सेशन में हिस्सा लिया। ग्रैंड फिनाले से पहले
प्रतिभागियों ने ओडिशा की संस्कृति को करीब से जाना और पुरी के जगन्नाथ
मंदिर व कोणार्क सूर्य मंदिर का दौरा भी किया।
इस रंगारंग शाम को
मनीष पॉल और सारा जेन डायस ने होस्ट किया, जबकि जुबिन नौटियाल, लॉरेन
गॉटलिब और ईशान खट्टर की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। जज
पैनल में जीनत अमान, मधुर भंडारकर, दूती चंद, नेहा धूपिया, टेरेंस लुईस,
सेलिना जेटली और अमाल मलिक जैसे कई प्रतिष्ठित नाम शामिल रहे। इस आयोजन ने
एक बार फिर साबित किया कि भारतीय युवतियां सुंदरता के साथ आत्मविश्वास और
उद्देश्य के दम पर वैश्विक मंच पर अपनी अलग पहचान बनाने के लिए तैयार हैं।














