धनबाद,  धनबाद के धनसार थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की से दुष्कर्म मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले में फरार चल रहे आरोपी लवकुश कुमार यादव को पुलिस ने बिहार के नवादा जिले से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित पर नाबालिग के साथ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज था। पुलिस ने तकनीकी और गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की है।

धनबाद डीएसपी (लॉ एंड ऑर्डर) प्रकाश सोय ने बुधवार को जानकारी देते हुए कहा कि 4 मई 2026 की शाम धनसार थाना को सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र की एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म की घटना हुई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए धनसार थाना में कांड संख्या 75/2026 दर्ज किया गया। आरोपी लवकुश कुमार यादव के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर छापेमारी शुरू की गई। हालांकि शुरुआती कार्रवाई के दौरान आरोपी अपने घर से फरार मिला।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष एसआईटी टीम का गठन किया गया। टीम ने लगातार तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को बिहार के नवादा जिला अंतर्गत रजौली थाना क्षेत्र के लेंगुरा तुलसीबीघा गांव से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी को धनसार थाना लाकर पूछताछ की गई, जहां उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान लवकुश कुमार यादव, पिता सहदेव यादव, निवासी न्यू दिल्ली कॉलोनी, धनसार थाना क्षेत्र, धनबाद के रूप में हुई है। उसका स्थायी पता बिहार के नवादा जिला अंतर्गत लेंगुरा तुलसीबीघा बताया गया है। इस छापेमारी अभियान में धनसार थाना प्रभारी मनोहर करमाली समेत कई पुलिस अधिकारी और सशस्त्र बल शामिल थे।