धनबाद,  धनबाद के कतरास में एक सनसनीखेज हत्याकांड से इलाके में हड़कंप मच गया है। आमटांड़ बस्ती में 50 वर्षीय मुन्ना पंडित की बेरहमी से हत्या कर दी गई। गुरुवार को उनका शव घर के अंदर लहूलुहान हालत में मिला। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पहले तार से गला कसकर उनकी जान लेने की कोशिश की गई और फिर चाकू से वार किया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। बाघमारा एसडीपीओ अजीत कुमार विमल ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। आखिर मुन्ना पंडित की हत्या किसने और क्यों की। पुलिस इन सवालों के जवाब तलाशने में जुटी है।

धनबाद के कतरास थाना क्षेत्र के तेलियाबांध स्थित आमटांड़ बस्ती में हत्या की इस वारदात से सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान करीब 50 वर्षीय मुन्ना पंडित के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह लिलोरी स्थान में पूजा-पाठ कराने का काम करते थे।

मुन्ना पंडित का शव उनके घर में लहूलुहान अवस्था में मिला। सूचना मिलने पर कतरास थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। बाघमारा पुलिस अनुमंडल के एसडीपीओ अजीत कुमार विमल और थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने भी घटनास्थल का जायजा लिया।

एसडीपीओ के अनुसार, मृतक के गले में तार बांधकर गला कसने और चाकू से वार किए जाने के निशान मिले हैं। पुलिस घटनास्थल की जांच कर रही है और हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस की जांच के बाद ही खुलासा हो सकेगा कि इस वारदात को किसने अंजाम दिया और इसके पीछे क्या वजह थी।

बड़ी खबर

झारखंड की ताज़ा खबरें