रांची,  ताशकंद, उज़्बेकिस्तान में आयोजित सेंट्रल एंड साउथ एशिया सीनियर मेंस रग्बी चैंपियनशिप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर सिल्वर मेडल जीतने वाले झारखंड के खिलाड़ी डेविड मुंडा मंगलवार को रांची पहुंचे। इस दौरान रांची एयरपोर्ट पर झारखंड के रग्बी खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और पदाधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

झारखंड रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन के महासचिव हेजाज असदक सहित अन्य ने डेविड मुंडा को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने बताया कि चैंपियनशिप में डेविड मुंडा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उज़्बेकिस्तान और कजाखस्तान के खिलाफ 10-10 अंक हासिल कर कुल 20 स्कोर किए और भारतीय टीम को बढ़त दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने बेहतरीन डिफेंस का प्रदर्शन किया है।

मौके पर उन्होंने बताया कि मैच के दौरान वह मामूली रूप से चोटिल भी हुए, लेकिन उनके जुझारू खेल और समर्पण की सभी ने सराहना की। इस अवसर पर खेल प्रेमियों ने कहा कि डेविड मुंडा की उपलब्धि से झारखंड के युवा खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी।