निरसा में सियासी शक्ति प्रदर्शन : ढुलू और अरूप ने फ्लाईओवर परियोजना को लेकर निकाला मार्च
धनबाद, धनबाद की राजनीति में सांसद ढुलू महतो और निरसा विधायक अरूप चटर्जी के बीच सियासी टकराव अब खुलकर सड़क पर उतर आया है। एलिवेटेड फ्लाईओवर परियोजना को लेकर बुधवार को दोनों नेताओं ने निरसा में अलग-अलग आक्रोश मार्च निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया। महज एक किलोमीटर की दूरी पर हुए दोनों कार्यक्रमों में जमकर राजनीतिक बयानबाजी हुई और दोनों नेताओं ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए।
एक ओर सीपीआई (एमएल) लिबरेशन के बैनर तले विधायक अरूप चटर्जी ने एलिवेटेड फ्लाईओवर का डीपीआर सार्वजनिक करने, निर्माण कार्य की निगरानी के लिए समिति बनाने, स्थानीय लोगों को रोजगार देने और कथित माफियाई एवं लूट संस्कृति के विरोध में आक्रोश मार्च निकाला। वहीं दूसरी ओर सांसद ढुलू महतो ने अपने भाई और बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो के साथ विकास विरोधियों के खिलाफ विशाल पैदल मार्च और जनसभा आयोजित की।
अरूप चटर्जी ने दावा किया कि उनकी रैली बिना किसी प्रचार और खर्च के हुई, जबकि भाजपा ने पिछले कई दिनों से करोड़ों रुपये खर्च कर भीड़ जुटाई। उन्होंने जिला प्रशासन पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके कार्यक्रम को अनुमति नहीं दी गई, जबकि प्रशासन सांसद के पक्ष में काम कर रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे फ्लाईओवर के विरोधी नहीं हैं, बल्कि परियोजना में पारदर्शिता, गुणवत्ता की निगरानी और स्थानीय युवाओं को रोजगार की मांग कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने 2029 के लोकसभा चुनाव में ढुलू महतो को हराने का लक्ष्य भी दोहराया।
इधर, सांसद ढुलू महतो ने पलटवार करते हुए कहा कि निरसा की जनता का आक्रोश यह साबित करता है कि विधायक विकास विरोधी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अरूप चटर्जी और उनके पिता के कार्यकाल में क्षेत्र में कोई उद्योग स्थापित नहीं हुआ, बल्कि कई फैक्ट्रियां बंद हुईं। सांसद ने कहा कि जैसे ही उन्होंने विकास कार्य शुरू किए, विधायक उनका विरोध करने लगे।
सांसद ने यह भी कहा कि एलिवेटेड फ्लाईओवर परियोजना का डीपीआर देना जिला प्रशासन का विषय है, न कि सांसद का। उन्होंने विधायक पर प्रशासन और मुख्यमंत्री को लेकर दिए गए कथित बयानों पर भी निशाना साधा और कहा कि बिना अनुमति कार्यक्रम करने के मामले में प्रशासन को कार्रवाई करनी चाहिए। साथ ही उन्होंने 2029 के चुनाव में जनता द्वारा विधायक को जवाब देने का दावा भी किया।














