परिवार गया था शादी समारोह में, घर से लाखों की संपत्ति ले उड़े चोर
खूंटी, सदर थाना क्षेत्र के बिरहू गांव में सेवानिवृत्त सैनिक हरिनारायण राम के बंद घर में चोरों ने बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दियाा। चोरों ने घर का ताला तोड़कर लगभग साढे चार लाख रुपये नकद, सोना-चांदी के जेवर, जमीन के महत्वपूर्ण कागजात, एटीएम कार्ड सहित अन्य सामान की चोरी कर लिया।
घटना बुधवार की रात की बताई जा रही है। उस समय हरिनारायण राम अपनी पत्नी के साथ जलटंडा में एक शादी समारोह में गए हुए थे। घर के मुख्य द्वार सहित सभी कमरों में ताला बंद था, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने सुनसान घर को निशाना बनाया।
गुरुवार सुबह में जब दंपत्ति वापस लौटा तो उन्होंने मुख्य गेट खुला पाया। अंदर जाने पर देखा कि सभी कमरों के दरवाजे खुले हैं और आलमारी और बक्से टूटे पड़े हैं। घर का सामान बिखरा हुआ था, जिससे चोरी की पुष्टि हुई। बताया गया कि चोर लगभग साढ़े चार लाख रुपये नकद, 20 हजार रुपये अतिरिक्त, पारिवारिक गहने और अन्य कीमती सामान ले गए।
घटना की सूचना मिलते ही खूंटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मामला दर्ज कर आवश्यक पूछताछ के लिए परिजनों और ग्रामीणों से जानकारी ली।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंचे और जल्द से जल्द चोरी का खुलासा करने की मांग की है।















