धनबाद,  वासेपुर आरा मोड़ के पास शनिवार देर रात फल और ड्राईफ्रूट की दुकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पास की एक अन्य दुकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। अगलगी में दोनों दुकानों में रखा फल, ड्राईफ्रूट सहित अन्य सामान जलकर राख हो गया। दुकानदार के अनुसार, घटना में पांच लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।

स्थानीय लोगों के अनुसार वासेपुर आरा मोड़ स्थित वसीम फल वाला की दुकान शनिवार देर रात बंद थी। इसी दौरान दुकान से अचानक आग की लपटें उठने लगीं। आग देखकर आसपास के लोगों ने तत्काल दुकानदार और दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया।

दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक आग की चपेट में आई दोनों दुकानों में रखा अधिकांश सामान जल चुका था। फल और ड्राईफ्रूट के अलावा दुकान में रखा अन्य सामान भी आग में नष्ट हो गया।

दुकानदार ने बताया कि अग्निकांड में पांच लाख रुपये से अधिक का सामान जलकर बर्बाद हुआ है। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।

प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। दमकल विभाग और संबंधित अधिकारियों की जांच के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।