युवक की गोली मारकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस
पलामू, जिले के तरहसी थाना क्षेत्र के बेदानी खुर्द गांव में बुधवार देर शाम साढे सात बजे अपराधियों ने तूलेश्वर महतो (४०) की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना युवक के दरवाजे पर हुई। घटना के समय तूलेश्वर घर में खाना खा रहे थे। घर से बाहर बुलाकर उन्हें गोली मारी गयी। घटना को दो नकाबपोश अपराधियों ने अंजाम दिया। हालांकि गोली लगने पर तूलेश्वर महतो को बेहतर इलाज के लिए मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वारदात की सूचना मिलते ही तरहसी थाना प्रभारी राजेश रंजन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस मृतक के परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है, ताकि घटना के पीछे की वजह और आरोपितों की पहचान की जा सके। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
स्थानीय लोगों से मिल रही जानकारी के अनुसार, तूलेश्वर महतो पंजाब में काम करते थे और उनकी पहली शादी पंजाब में ही हुई थी। बताया जा रहा है कि उनकी पहली पत्नी पंजाब में रहती हैं, जबकि करीब चार से छह महीने पहले उन्होंने पांकी थाना क्षेत्र के डंडार गांव में दूसरी शादी की थी। स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि पहली पत्नी ने इस मामले में थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। हालांकि, इन जानकारियों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही इस पहलू की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।














