पूर्वी सिंहभूम, नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के विरोध में बुधवार को भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने साकची गोलचक्कर पर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की ।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष नवनीत मिश्रा ने कहा कि नीट जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं ने लाखों छात्रों और अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता की कमी के कारण छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है और केंद्र सरकार शिक्षा व्यवस्था को सही तरीके से संचालित करने में असफल साबित हुई है।

उन्होंने कहा कि देशभर के छात्र मेहनत और उम्मीद के साथ परीक्षा की तैयारी करते हैं, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाएं उनकी मेहनत पर पानी फेरने का काम करती हैं। युवा कांग्रेस इस मुद्दे को गंभीर मानते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रही है।

नवनीत मिश्रा ने कहा कि छात्रों के हितों की रक्षा के लिए युवा कांग्रेस का आंदोलन आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी सड़क से लेकर सदन तक इस मुद्दे को उठाएगी और सरकार से जवाब मांगेगी।